बदायूं। विशेष न्यायाधीश (गैंगस्टर एक्ट) ऋषि कुमार की कोर्ट ने साक्ष्यों के अभाव में गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के आरोप से अभियुक्त अनिल पंडित निवासी ग्राम जलालपुर थाना कादरचौक और वीरेंद्र निवासी ग्राम त्रिलोकपुर थाना उसहैत को दोषमुक्त कर दिया।
कोर्ट में अभियोजन पक्ष गैंगस्टर एक्ट के आवश्यक तत्वों को सिद्ध करने में असफल रहा। अभियोजन के मौखिक और दस्तावेजी दोनों प्रकार के साक्ष्य यह सिद्ध नहीं कर सके कि अभियुक्तों का एक संगठित गिरोह था। घटना 2009 की है। तत्कालीन कादरचौक थानाध्यक्ष उदयवीर सिंह ने थाने में दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई की थी।
उस दौरान थानाध्यक्ष ने दर्ज कराई रिपोर्ट में यह बताया था कि 15 अप्रैल 2009 को वह ग्राम जलालपुर के निकट पहुंचे थे कि उन्हें सूचना मिली कि अनिल पंडित, हरप्रसाद व वीरेंद्र ने एक संगठित गिरोह बनाया है और कादरचौक क्षेत्र एवं जनपद में अपराध करते हैं। पुलिस ने विवेचना कर कोर्ट में आरोपपत्र दाखिल किया। हाल ही में कोर्ट ने सुनवाई पूरी करने के बाद साक्ष्यों के अभाव में दोनों अभियुक्तों को दोषमुक्त कर दिया। इस केस में नामजद हरप्रसाद की मृत्यु हो चुकी है।