नगर पंचायत द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों में धांधली की जा रही है। इनमें खुलेआम मानकों की अनदेखी कर बेहद घटिया स्तर की सामग्री लगाए जाने आरोप है। लोगों का कहना है कि होली चौक पर लगभग एक माह पहले 17 लाख की लागत से बना नाला एक पखवारे में दो बार धराशायी हो चुका है। नगर पंचायत फिर भी इस पर पर्दा डालने पर जुटा हुआ है।
कस्बे के वार्ड नंबर 11 में होली चौक पर आदर्श नगर योजना में नगर पंचायत द्वारा एक माह पहले लगभग 120 मीटर लंबे नाले का निर्माण कराया गया था। निर्माण में ठेकेदार द्वारा मानकों को दरकिनार कर न सिर्फ पीला ईंटों का प्रयोग किया गया, बल्कि सीमेंट भी नाममात्र को लगाया है। लोगों ने बताया कि निर्माण के 15 दिन बाद ही लगभग 40 मीटर नाला बैठ गया। शिकायत पर ठेकेदार ने इसकी मरम्मत करा दी।
मरम्मत के दो दिन बाद ही उसके पास से ही लगभग 30 मीटर नाला फि र से धराशायी हो गया। मात्र 15 दिनों में दो बार नाला टूटने से निर्माण की गुणवत्ता सवालों के घेरे में आ गई है। इससे मोहल्ले वालों में रोष पनप रहा है।
दोबारा नाला धंसने की फि लहाल कोई जानकारी नहीं है। पहली बार नाला ट्रैक्टर-ट्रॉली की वजह से टूटा था, जिसे सही करा दिया गया था। अगर नाला फिर टूटा है, तो उसकी जांच करा कर दोषी ठेकेदार के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।
-मुकेश शर्मा, अधिशासी अधिकारी, वजीरगंज।