गुरुपुरी विनायक में ट्यूबवेल की जांच करते एसडीएम व विद्युत निगम के अधिकारी। संवाद
बदायूं। भाकियू के जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह राठौर की शिकायत पर बुधवार को एसडीएम सदर, सहायक निदेशक विद्युत सुरक्षा और एक्सईएन प्रथम बिना कनेक्शन चल रहे ट्यूबवेलों की जांच करने पहुंचे। उन्होंने बल्लिया और गुरुपुरी विनायक के कई ट्यूबवेलाें की जांच की। प्राथमिक तौर पर कुछ ट्यूबवेल बिना कनेक्शन पाए गए। उन्होंने संबंधित किसानों से कनेक्शन के संबंध में कागजात दिखाने को कहा है।
मंगलवार को कृष्णपाल सिंह राठौर ने तीन संविदा कर्मचारियों के खिलाफ डीएम मनोज कुमार से शिकायत की थी। उनका कहना था कि तीनों संविदा कर्मचारी सिलहरी उपकेंद्र पर कार्यरत हैं। तीनों ही सगे भाई हैं और नजदीकी गांव के रहने वाले हैं। वह खंभे पर चढ़ना तक नहीं जानते, इसके बावजूद विद्युत निगम में काम कर रहे हैं। वह अवैध रूप से किसानों के ट्यूबवेल चलवा रहे हैं। जिलाध्यक्ष ने कई गांव के किसानों के नाम भी बताए थे, जो चोरी से अपना ट्यूबवेल चला रहे हैं।
इसको लेकर बुधवार को एसडीएम सदर एसपी वर्मा, सहायक निदेशक विद्युत सुरक्षा निशा और एक्सईएन प्रथम हरीश कुमार भाकियू जिलाध्यक्ष के साथ सिविल लाइंस क्षेत्र के गांव गुरुपुरी विनायक, बरातेगदार और बल्लिया गांव पहुंचे। उन्हाेंने कई ट्यूबवेलों की जांच की। आरोपित संविदा कर्मचारियों को भी बुलाया, लेकिन वे सामने नहीं आए।
इस छानबीन में कुछ ट्यूबवेल बिना कनेक्शन के पाए गए हैं। हालांकि अभी किसी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई है। संबंधित किसानों को ट्यूबवेल के कागजात दिखाने को बुलाया है। उन्हें नोटिस भी भेजा जाएगा। इसमें कागजात दिखाने के बाद ही अगली कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम सदर ने बताया कि कुछ ट्यूबवेल संदिग्ध मिले हैं। इसकी जांच कराई जा रही है। उसके बाद ही कोई कार्रवाई होगी।
ग्रामीण क्षेत्र में बिजली कटौती जारी
बारिश के बावजूद ग्रामीण क्षेत्र में बिजली कटौती बढ़ गई है। मंगलवार रात शहर के आसपास इलाके में कई घंटे बिजली ठप रही। इससे ग्रामीणों को काफी परेशानी हुई। ग्रामीणों का कहना है कि मंगलवार रात करीब नौ बजे से लेकर एक घंटे तक बिजली नहीं आई। रात 12 बजे के बाद भी दो-तीन घंटे आपूर्ति ठप रही। हालांकि बुधवार सुबह आपूर्ति जल्दी दे दी गई लेकिन दोपहर के समय उसी तरह कटौती कर दी गई। इस तरह लगातार बिजली कटौती से लोगों का बुरा हाल है।