उझानी। दोस्त की शादी में शामिल होकर घर लौट रहे बाइक सवार तीन दोस्तों को सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के घायल दोनों दोस्तों की हालत नाजुक बताई गई है। पुलिस ने ट्रक और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।
हादसा बरेली-मथुरा हाईवे पर गांव जजपुरा मोड़ के पास सोमवार रात करीब तीन बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक, दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव बराही सोहरा निवासी रामबहादुर के बेटे प्रवेश की बरात ननाखेड़ा गांव गई थी। शादी में बराही निवासी दूल्हे के दोस्त संदीप (19) पुत्र अशर्फीलाल, विनोद (18) पुत्र राजू और आशीष (19) पुत्र धर्मपाल भी शामिल होने बाइक से गए थे। शादी से लौटते वक्त बाइक सवार तीनों दोस्तों को सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। संदीप के ऊपर से ट्रक का पहिया उतर गया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। विनोद और आशीष लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।
क्षतिग्रस्त बाइक समेत सड़क पर पड़े युवकों को देख किसी राहगीर ने पुलिस रेस्पांस वैन- 112 को बुलाने के लिए फोन किया। डायल-112 के पुलिस कर्मियों के साथ दरोग प्रेमपाल सिंह भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने तीनों को राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। डॉक्टरों ने संदीप को मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद संदीप और घायलों के परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। विनोद और आशीष की हालत नाजुक देख परिवार के लोग उन्हें बरेली रेफर करा ले गए। पुलिस ने मंगलवार दोपहर पोस्टमॉर्टम कराके संदीप का शव उनके परिजनों को सौंप दिया है।
हादसे के बाद शादी की खुशियां हुईं काफूर
सड़क हादसे में संदीप की मौत की सूचना बराही सोहरा के लोगों को मिली तो उनके होश उड़ गए। बरात चढ़ने की रस्म के बाद अन्य रस्में जल्दी-जल्दी पूरा की गईं। दूल्हे के परिवार के भी कई लोग कार्यक्रम बीच में छोड़कर राजकीय मेडिकल कॉलेज की ओर निकल पड़े।
तीनों युवक में से कोई भी हेलमेट नहीं लगाए था। ट्रक की तलाश में रास्ते में एक-दो स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। अभी पुलिस को इस संबंध में घरवालों ने कोई तहरीर भी नहीं दी है। - सुनील कुमार सिंह, सीओ, उझानी