दातागंज- बरेली रोड बालिका की मौत के बाद ग्रामीणों ने लगाया जाम। संवाद
दातागंज। गांव सेनपुर में बरेली रोड पर बुधवार शाम तेज रफ्तार ट्रक ने रोड पार कर रही बालिका को कुचल दिया। इससे बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक के चालक व परिचालक को मौके पर पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने रोड पर पेड़ की डाल रखकर जाम लगा दिया। इससे बरेली आने-जाने वाले वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर पहुंचे दातागंज सीओ केके तिवारी ने ग्रामीणों को समझाने के बाद जाम खुलवाया। इससे करीब डेढ़ घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
कोतवाली क्षेत्र के गांव सेनपुर निवासी पप्पू लोधी का रोड किनारे घर है। बुधवार शाम पांच बजे उनकी बेटी चांदनी (5) रोड पार कर रही थी। उसी दौरान दातागंज की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बच्ची को कुचल दिया। इससे बालिका की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा होते ही गांव की सैकड़ों महिलाएं और पुरुष सड़क पर आ गए। ग्रामीणों ने चालक व परिचालक को पकड़ लिया। गुस्साए ग्रामीणों ने दोनों को पीटा। मौके पर पहुंचे कुछ ग्रामीणों ने दोनों को एक कमरे में बंद कर दिया। ग्रामीणों ने बरेली रोड पर पेड़ डालकर जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलते ही कोतवाल गौरव विश्नोई व सीओ केके तिवारी भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। सैनपुर गांव के लोग ट्रक मालिक को गांव में बुलाने की जिद पर अड़े गए। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने। करीब डेढ़ घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। जाम लगने की वजह से दातागंज-बरेली पर वाहनों का आवागमन बंद हो गया है। वाहन चालक सैनपुर पुल से गांव खुकड़ी अमरोली व दियूनी से होकर समरेर गए। शाम को सीओ ने सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, उसके ग्रामीणों ने जाम खोला। पुलिस ने बालिका का शव पोस्टमॉर्टम को भेजा है। आरोपी चालक व परिचालक को हिरासत में लेकर कोतवाली भिजवाया।
दातागंज- बरेली रोड बालिका की मौत के बाद ग्रामीणों ने लगाया जाम। संवाद