बदायूं। जिले में भीषण गर्मी का कहर जारी है। इस बार पहली बार पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। लगातार चल रही लू और झुलसा देने वाली गर्म हवाओं के बीच अब बिजली की ट्रिपिंग ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। दिन में कई बार बिजली गुल हो रही है, इससे घरों में लगे कूलर और एसी भी बेअसर साबित हो रहे हैं।
जिले में शनिवार को दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को घरों में कैद रहने को मजबूर कर दिया। सुबह से ही सूरज की तपिश बढ़ने लगी थी, जो सुबह 10 बजे के बाद ही बेहद खतरनाक स्तर पर पहुंच गई। दोपहर से लेकर शाम तक लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल सकी। इस भीषण गर्मी के बीच बार-बार हो रही बिजली की ट्रिपिंग ने लोगों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी। बढ़ते लोड के चलते लाइनें ट्रिप कर रही हैं। इससे आधे-आधे घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है।
ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में लोग कटौती और लो-वोल्टेज से जूझ रहे हैं। बिजली जाते ही कूलर-एसी बंद हो जाते हैं और घर भट्ठी जैसे हो जाते हैं। रात के समय बिजली कटौती सबसे ज्यादा परेशान कर रही है, इससे लोगों की नींद तक पूरी नहीं हो पा रही। हालत यह है कि शनिवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वायुमंडल में नमी घटकर 19 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जिससे गर्मी और अधिक चुभने वाली हो गई है। इससे पहले शुक्रवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहा था।
140 ट्रांसफाॅर्मरों की नहीं बढ़ी क्षमता
-गर्मियों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सके। इसके लिए विद्युत निगम ने पिछले साल काम शुरू किया था। विभाग का दावा है कि मार्च 2025 तक यह काम पूरा हो जाएगा और लोगों को गर्मी में निर्बाध बिजली मिलेगी, लेकिन अप्रैल खत्म होने पर है, आज तक यह काम पूरे नहीं हो सका है। इसकी वजह से लोगों को गर्मी के मौसम में परेशानी झेलनी पड़ रही है। हालात यह है कि जिले में 352 ट्रांसफाॅर्मरों की क्षमता बढ़ाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, लेकिन अभी तक 140 ट्रांसफाॅर्मरों की क्षमता बढ़ोतरी नहीं हो सकी है। इसके अलावा विभिन्न उपकेंद्रों पर 52 नए फीडर बनाए जाने थे। इनमें आठ फीडरों आज भी पूरा नहीं हो सका। जो लोगों की परेशानी का बढ़ा रहा है। विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता चंद्रशेखर कुमार ने बताया कि इस माह के अंत तक यह सभी काम पूरे कर लिए जाएंगे।
-
बाजारों में सन्नाटा, कारोबार प्रभावित
गर्मी का असर बाजारों पर भी साफ दिख रहा है। दोपहर के समय बाजारों में सन्नाटा पसरा रहता है और ग्राहक नदारद रहते हैं। व्यापारी परेशान हैं और कारोबार पर असर पड़ रहा है। लोग सुबह या शाम के समय ही खरीदारी के लिए निकल रहे हैं। दुकानदार रमेश गुप्ता ने बताया कि दोपहर में ग्राहक बिल्कुल नहीं आते, इससे दिनभर खाली बैठना पड़ता है। वहीं बिजली भी काफी परेशान कर रही है।
-
डॉक्टरों की चेतावनी
-जिला अस्पताल के डॉक्टर अलंकार सोलंकी के अनुसार, इस मौसम में जरा सी लापरवाही भी भारी पड़ सकती है। तेज धूप और लू के कारण हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और कमजोरी के मामले तेजी से बढ़ सकते हैं। जिला अस्पताल के ईएमओ डॉ. नितिन सिंह ने लोगों को सलाह दी है कि बिना जरूरत घर से बाहर न निकलें, अधिक पानी पिएं, सिर को ढककर रखें और हल्के सूती कपड़े पहनें। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है।
-
अभी राहत के आसार नहीं
आईएमडी (इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट) के अनुसार फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के कोई संकेत नहीं हैं। आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है और लू का असर बना रहेगा। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां अपनाने की सलाह दी गई है। फिलहाल लोगों को बारिश का इंतजार है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिल सके।