इस्लामनगर (बदायूं)। इस्लामनगर कस्बे में बिल्सी रोड पर शनिवार शाम एक स्कूटी को बचाने के चक्कर में श्रद्धालुओं से भरी ट्रॉॅली पलट गई, जिसमें किशोर समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 से ज्यादा लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों वाहन कब्जे में ले लिए हैं। दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।
हादसा शनिवार शाम करीब छह बजे हुआ। उस समय थाना क्षेत्र के ग्राम मईकला निवासी एक परिवार राजघाट से गंगा स्नान करके ट्रैक्टर-ट्रॉॅली से लौट रहा था। उस समय ट्रैक्टर पूरन चला रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ये ट्रैक्टर-ट्रॉॅली इस्लामनगर कस्बे में बिल्सी रोड पर मोहाली तालाब के नजदीक पहुंचा था कि उसी समय अचानक एक स्कूटी सवार ट्रैक्टर के आगे आ गया। पूरन ने उसे बचाने का पूरा प्रयास किया। इससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होने से ट्रॉॅली पलट गई। उसके नीचे कई लोग दब गए। उससे श्रद्धालुओं में कोहराम मच गया। ये देखकर तमाम लोग आ गए। कुछ देर बाद पुलिस भी पहुंच गई।
आननफानन में ट्रॉॅली हटाकर सभी को निकाला गया। इस हादसे में अमित (15) पुत्र होराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीर्थ (10) पुत्र किशनवीर, ममता कुमारी (17), सत्यपाल पाल (25), अंकुर गुप्ता (13), शांति गुप्ता (40), कैलाश प्रजापति (30), चौधरी दलवीर सिंह (32), ठाकुर अक्षय (24), पोशाकी (32), सर्वेश कुमारी (15), मोहन लाल (35), सुुआरथी प्रजापति (6) घायल हो गए। पुलिस ने सभी को स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। जहां से तीर्थ को चंदौसी रेफर कर दिया गया। उसकी रास्ते में मौत हो गई। उसके बाद पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। इस दौरान परिवार वालों ने स्कूटी सवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया। इंस्पेक्टर बच्चू सिंह ने उन्हें जैसे-तैसे समझा बुझाकर शांत कराया। दो लोगों की मौत से उनके परिवार में कोहराम मचा हुआ है।