बदायूं। उसहैत के चर्चित तिहरे हत्याकांड की विवेचना पूरी हो गई। पुलिस ने आखिरी आरोपी के पकड़े जाने के बाद इसकी चार्जशीट तैयार कर बुधवार को न्यायालय में दाखिल कर दी।
31 अक्तूबर 2022 को उसहैत थाना क्षेत्र के सथरा गांव में सपा नेता राकेश गुप्ता, उनकी मां शांति देवी और पत्नी शारदा गुप्ता की उनके ही घर में दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। राकेश गुप्ता के भाई पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेश गुप्ता ने रविंद्र दीक्षित, उसके बेटे सार्थक दीक्षित, अर्चित दीक्षित, विक्रम उर्फ विक्की को नामजद करते हुए दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। विवेचना में अवनीश और चांद मोहम्मद के नाम सामने आए थे।
इस हत्याकांड के दूसरे दिन रविंद्र व सार्थक पकड़े गए। बाद में विक्रम और अवनीश को जेल भेजा गया जबकि चांद मोहम्मद कोर्ट में सरेंडर हो गया था। सोमवार को छठा आरोपी अर्चित भी पकड़ा गया। पुलिस इस हत्याकांड में अपनी विवेचना पहले ही पूरी कर चुकी थी। पुलिस को केवल अर्चित के पकड़े जाने का इंतजार था। पुलिस ने मंगलवार को चार्जशीट तैयार सीओ कार्यालय भेजी थी। जहां से उसे बुधवार को न्यायालय में दाखिल कर दिया गया।
अर्चित ने रचा था तिहरा हत्याकांड
इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी रविंद्र का बेटा अर्चित भी काफी शातिर रहा। शायद इससे पुलिस उसके पास तक जल्द नहीं पहुंच पाई। वह दूसरे प्रांत में शरण लिए हुए था। यह पूरा हत्याकांड उसके इशारे पर हुआ। उसने ही हत्याकांड का प्लान बनाया था। थाना पुलिस की विवेचना में भी अर्चित साजिशकर्ता माना गया है।
- तिहरे हत्याकांड के मामले में मंगलवार को चार्जशीट तैयार कर ली गई थी। बुधवार को उसे न्यायालय में पेश कर दिया गया। इसमें सभी आरोपी जेल जा चुके हैं। - शक्ति सिंह, सीओ उझानी