दातागंज। बेटे को जन्म देने के बाद रक्तस्राव होने से प्रसूता की हालत गंभीर हो गई। ऐसे हालात में उसे सीएचसी से रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने तक उसकी हालत गंभीर हो गई और उसकी मौत हो गई।
सिरसा गांव के अजय की पत्नी संगीता को मंगलवार का प्रसव पीड़ा हुई। वह उसे सीएचसी समरेर ले गए। वहां उसने बेटे को जन्म दिया तो परिवार के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। बच्चा स्वस्थ है लेकिन कुछ देर बाद संगीता की हालत बिगड़ गई। वहां मौजूद डॉक्टर ने महिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिवार के लोग उसे महिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टर ने देखा और बताया कि अधिक रक्तस्रात हो रहा है। वहां पर इलाज नहीं किया और राजकीय मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। मजबूर परिजन उसे लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इलाज के अभाव में उसकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टर ने मृत घोषित किया तो परिजन बेसुध हो गए। परिजन शव लेकर घर चले गए। उन्होंने पुलिस कार्रवाई से इन्कार कर दिया। परिजनों का रो-रोकर खराब हाल है।
-