आशंकित व्यापारियों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
कई बार टूट कर गिर चुके हैं हाईटेंशन लाइन के तार
लिंक रोड पंजाबी कॉलोनी मोड़ पर व्यापारी गुलशन गेरा के मार्केट के पास लगे ट्रांसफार्मर के पोल पिछले कई दिनों से झुके पड़े हैं। झुके पोल पर हाईटेंशन लाइन के तार गुजरने से दुकानदारों को हादसे की आशंका बनी हुई है। शिकायत पर भी कार्रवाई नहीं होने से आहत दुकानदारों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन भेजकर बिजली विभाग की लापरवाही उजागर की है।
पंजाबी कॉलोनी निवासी गुलशन गेरा के मकान के पास बिजली विभाग की ओर से करीब एक दशक पहले ट्रांसफार्मर लगाया गया था। उस वक्त दुकानदारों समेत मकान मालिक ने बिजली कर्मियों का विरोध भी किया था, लेकिन ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया। बकौल गुलशन, शुरूआत में तो पोल ठीक रहे लेकिन बाद में पोल झुक कर दीवार पर टिक गए। पिछले साल बरसात के दिनों में मार्केट और उसके घर में करंट दौड़ गया था। बिजली कर्मियों ने तार ठीक कर औपचारिकता पूरी कर ली लेकिन ट्रांसफार्मर हटाने की जरूरत महसूस नहीं की। मोहल्ले के लोगों में संदीप, रमेशचंद्र शर्मा और विजय ने बताया कि पोल इसी तरह झुका रहा तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजे ज्ञापन में भी मोहल्ले के लोगों ने बिजली अफसरों की भूमिका को संदिग्ध ठहराया है।
भर्रा टोला समेत कई और जगह भी गिरताऊ हैं पोल
उझानी। बिजली के पोल की हालत पर गौर करें तो भर्रा टोला मोहल्ला, अहीरटोला, बहादुरगंज और अयोध्यागंज में चार-पांच स्थानों कमोबेश ऐसा ही नजारा देखने को मिलेगा। किलाखेड़ा में भी दो पोल घरों की दीवारों पर टिक गए हैं। मामला बिजली कर्मियों तक भी पहुंचा लेकिन पोल बदलवाने के लिए कोशिश नहीं की गई। परेशान नागरिकों में वली मोहम्मद और राधेश्याम ने बताया कि बिजली अफसरों की नींद उसी दिन टूटेगी जब कोई बड़ा हादसा होगा।