वजीरगंज में आयोजित एबीवीपी का अभ्यास वर्ग कार्यक्रम। स्रोत:संगठन
बदायूं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के दो दिवसीय जिला अभ्यास वर्ग का शुभारंभ शनिवार को वजीरगंज के जेजे ज्ञान डिग्री कॉलेज में हुआ। जिले की 10 नगर इकाइयों से करीब 80 छात्र-छात्राओं ने इसमें भाग लिया। वर्ग का उद्घाटन प्रान्त मंत्री अंकित पटेल, विभाग संगठन मंत्री आकाश पाल, जिला संयोजक नमन गुप्ता और जिला विस्तारक अरुण सूर्यवंशी ने दीप जलाकर किया।
अभ्यास वर्ग के कार्यक्रम प्रमुख व जिला सह संयोजक आशीष देव मिश्रा ने बताया कि वर्ग का उद्देश्य कार्यकर्ताओं का सर्वांगीण विकास करना है। पहले दिन तीन सत्र आयोजित किए गए। प्रथम सत्र में विद्यार्थी परिषद के इतिहास एवं विकास पर आधारित रहा, जिसे प्रान्त मंत्री अंकित पटेल ने संबोधित किया।
द्वितीय सत्र में सैद्धांतिक भूमिका विषय पर विभाग सह संयोजक मोहित शर्मा ने कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया। तृतीय सत्र में विद्यार्थी परिषद की कार्यपद्धति पर विभाग संगठन मंत्री आकाश पाल ने विस्तार से मार्गदर्शन दिया। अभ्यास वर्ग में जिले के विभिन्न नगरों से आए कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। मौके पर सभी पदाधिकारी व वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।