बदायूं। कृषि विभाग में तैनात लिपिक शनिवार देर रात नेकपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रेन से टकरा कर घायल हो गया। सूचना पर पहुंची आरपीएफ टीम ने लिपिक को जिला अस्पताल भेजा, जहां से गंभीर हालत होने पर उन्हें बरेली रेफर कर दिया गया है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शिवपुरम गली नंबर दो निवासी शेखर यादव (32) पुत्र सुरेश यादव कृषि विभाग में लिपिक है। जानकारी के मुताबिक शनिवार रात करीब 11 बजे बरेली से कासगंज को ट्रेन रवाना हुई थी। शेखर यादव उस समय नेकपुर रेलवे क्रॉसिंग के नजदीक थे। इस दौरान वह संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रेन की चपेट में आकर घायल हो गए। जब ट्रेन चली गई तो लोगों ने उन्हें लाइन किनारे घायल अवस्था में पड़ा देखा। आरपीएफ इंस्पेक्टर सुभाष यादव ने बताया कि हादसा कैसे हुआ, अभी इसका पता नहीं चल सका है। परिजनों से संपर्क किया जा रहा है।