डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन करते टेंपो चालक। संवाद
बदायूं। यातायात प्रभारी मनोज कुमार वर्मा पर टेंपो चालकों ने बेवजह डंडा मारने और अवैध वसूली करने का आरोप लगाया है। लगातार घटनाओं से परेशान टेंपो चालकों को मंगलवार को गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में टेंपो चालक एकजुट होकर जिला मुख्यालय पर डीएम कार्यालय पहुंचे और यातायात प्रभारी के विरुद्ध प्रदर्शन किया।
चालकों ने प्रभारी और उनके साथ मौजूद पुलिस कर्मियों पर गाली-गलौज, अभद्रता और चालान की धमकी देकर रुपये वसूलने के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने डीएम अवनीश राय को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच कराने के साथ आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
टेंपो चालकों का कहना है कि शहर में उनके लिए कोई निर्धारित स्टैंड नहीं है। ऐसे में सड़क किनारे टेंपो रोककर सवारी बैठाने पर ट्रैफिक पुलिस उन्हें रोकती है। आरोप है कि इस दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है और डंडे मारने के साथ चालान करने की धमकी दी जाती है। कुछ चालकों ने चालान से बचने के नाम पर रुपये मांगने का भी आरोप लगाया।
चालकों ने कहा कि वे रोजी-रोटी के लिए टेंपो चलाते हैं, लेकिन लगातार कार्रवाई और कथित उत्पीड़न से परेशान हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने पर संबंधित पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई हो। साथ ही शहर में टेंपो खड़ा करने और सवारी बैठाने के लिए निर्धारित स्टैंड की व्यवस्था कराई जाए। सीओ यातायात सुनील कुमार सिंह ने बताया कि टेंपो चालकों ने जो आरोप लगाए हैं, उनकी जांच कराई जाएगी।