बदायूं। स्मार्ट मीटर, सोलर उपभोक्ताओं को आ रही समस्याओं, बिल सुधार, सोलर प्लांट एवं विद्युत आपूर्ति से जुड़ी मांगों को लेकर व्यापारियों ने मंगलवार को विद्युत निगम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इसके बाद अधीक्षण अभियंता विद्युत चंद्रशेखर कुमार को 19 सूत्री मांग दिया।
उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश के आह्वान पर प्रदेश युवा अध्यक्ष नवनीत गुप्ता शोंटू एवं प्रदेश मंत्री पवन जैन के नेतृत्व में व्यापारी जुलूस की शक्ल में कार्यालय पहुंचे। प्रदेश युवा अध्यक्ष ने स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जाने से पूर्व जमा सिक्योरिटी राशि वापस करने, फिक्स व मिनिमम चार्ज समाप्त करने, मीटर की लीगल मेट्रोलॉजी विभाग से जांच तथा उपभोक्ताओं को मीटर का मैनुअल व गारंटी कार्ड उपलब्ध कराने की मांग रखी। प्रदेश मंत्री पवन जैन ने बिजली कटौती का रोस्टर घोषित करने, अघोषित कटौती पर रोक और कार्यालयों में प्रार्थनापत्रों पर अनिवार्य रिसीविंग दिए जाने की मांग की।
अन्य पदाधिकारियों ने बिल सुधार, शिकायत पर्ची व्यवस्था, सीलिंग सर्टिफिकेट मौके पर देने, सोलर नेट मीटरिंग की समस्याओं के समाधान, पीडी. कनेक्शन के फाइनल बिल सहित कई मुद्दे उठाए।
अधीक्षण अभियंता चंद्रशेखर कुमार ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए शासन तक पहुंचाकर समाधान कराने का आश्वासन दिया। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष नरेश शंखधार, अभिषेक रस्तोगी, गुड्डू गुप्ता, दीपक गुप्ता, प्रमोद गुप्ता, संदीप गुप्ता,फखरे आलम, सलीम सैफी, सुजीत गुप्ता आदि मौजूद रहे।
बिसौली। उद्योग व्यापार प्रतिमंडल के पदाधिकारियों ने एक्सईएन को 19 सूत्री ज्ञापन सौंपकर बिजली विभाग से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। व्यापार मंडल ने शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। इसके अलावा व्यापारियों ने मीटर की लीगल मेट्रोलॉजी विभाग से अनिवार्य जांच, मीटर लगाते या बदलते समय सीलिंग सर्टिफिकेट, मैनुअल व गारंटी कार्ड मौके पर देने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। इस दौरान कृष्ण अवतार शर्मा, धर्मेंद्र वार्ष्णेय के साथ कई व्यापारी मौजूद रहे। संवाद