सिलहरी (बदायूं)। बरेली-बदायूं हाईवे पर शनिवार को बीआरबी स्कूल के पास एक ट्रैक्टर खाई में पलट गया। ट्रैक्टर के नीचे दबकर 27 वर्षीय चालक सोमपाल की मौत हो गई। वह रुद्रपुर से ट्रैक्टर लेकर शिकोहाबाद जा रहा था। पुलिस ने चालक का शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बरेली में शीशगढ़ थाना क्षेत्र के गांव सियाठेरी में रहने वाले हरपाल का बेटा सोमपाल उत्तराखंड के रुद्रपुर में महिंद्रा ट्रैक्टर फैक्टरी में चालक के पद पर कार्यरत था। सोमपा के बड़े भाई देवेंद्र पाल के मुताबिक सोमपाल की शादी नहीं हुई थी। वह रुद्रपुर से ट्रैक्टर लेकर उन्हें अलग-अलग जिलों में पहुंचाने का काम करता था।
शुक्रवार रात सोमपाल ट्रैक्टर लेकर शिकोहाबाद जा रहे थे। शनिवार सुबह बरेली-बदायूं हाईवे पर बदायूं के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में बीआरबी स्कूल के पास पहुंचे तो अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। सोमपाल ट्रैक्टर के नीचे दब गए। हादसे के बाद राहगीर मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची खेड़ा नवादा चौकी पुलिस ने क्रेन मंगवाकर ट्रैक्टर हटवाया लेकिन तब तक सोमपाल ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने चालक की जेब से मिले ड्राइविंग लाइसेंस और आधार कार्ड से उसकी शिनाख्त की और परिवार वालों को सूचना दी। इस पर परिवार वालों के साथ ही कंपनी के कई कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए।
वापस फैक्टरी भेजा जाएगा ट्रैक्टर
- बरेली के सियाठेरी गांव निवासी सोमपाल जिस ट्रैक्टर को लेकर शिकोहाबाद जा रहे थे। वह काफी क्षतिग्रस्त हो गया है। यह ट्रैक्टर नया था। वह फैक्टरी से लेकर उसे शिकोहाबाद में एजेंसी पर छोड़ने जा रहे थे। हादसे में क्षतिग्रस्त होने पर उसे अब वापस फैक्टरी भेजा जाएगा।
फोटो-25बीडीएन11, मृतक सोमपाल