फुटकर में 15 रुपये किलो मिल रहा टमाटर
थोक में जबरदस्त गिरावट के बाद भी टमाटर फुटकर में करीब 15 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। गली-मोहल्लों में अच्छी गुणवत्ता के टमाटर को ठेलों पर रखकर बेचने के लिए फुटकर सब्जी विक्रेता निकल पड़ते हैं। स्टेशन रोड पर ठेले पर टमाटर बेचते मिले सौदान ने बताया कि थोक में वह पांच रुपये किलो टमाटर लाते जरूर हैं, लेकिन छंटनी के बाद खराब टमाटर फेंकने पड़ जाते हैं। ऐसे में 15 रुपये प्रति किलो बेचकर वह पूरे दिन में दो-तीन सौ रुपये ही बचा पाते हैं।
रेहड़िया के किसान राकेश मौर्य ने बताया कि करीब चार बीघा खेत में टमाटर उगाया था। पौधे लगाने के बाद सिंचाई, निराई के अलावा कीटनाशक के रूप में खर्चे के साथ लागत प्रति बीघा करीब तीन हजार रुपये आई थी, लेकिन वह इस सीजन में पूरे खेत से करीब सात हजार रुपये का टमाटर ही बेच पाए। अब तो फसल भी जोत डाली है।
अचौरा के मोरपाल ने कहा कि टमाटर की खेती करके उन्होंने करीब पांच हजार रुपये का नुकसान उठाया है। अपनी मेहनत मिलाकर लागत निकली तो हिसाब लगाना भी मुश्किल हो जाता है। उन्हें तो गोभी की फसल भी खेत में ही उजाड़नी पड़ गई थी। टमाटर में पिछले साल तो कुल मिलाकर बराबरी पर छूट गए थे।