नाम वापसी के बाद घोषित हो जाएंगे कुल प्रत्याशी
विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए मैदान में उतरे 72 प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों की जांच सोमवार को की जाएगी। नामांकन पत्रों की जांच सुबह से शुरू हो जाएगी और मंगलवार को नाम वापसी के बाद मैदान में डटे रहने वाले प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी। इसके बाद चुनावी सरगर्मियां और प्रत्याशियों के प्रचार-प्रसार में तेजी आ जाएगी।
जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों के रिटर्निंग ऑफिसर्स ने 20 जनवरी को अधिसूचना जारी की थी। इसके साथ नामांकन पत्र दिए जाने और दाखिल कराने का कार्य 27 जनवरी तक जारी रहा। इन दिनों में 72 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। उप जिला निर्वाचन अधिकारी हवलदार सिंह यादव ने बताया कि सोमवार को नामांकन पत्रों की जांच जाएगी, जबकि एक फरवरी को नाम वापसी का अंतिम दिन है। इसके बाद ही प्रत्याशियों की घोषणा हो जाएगी। जिले के 2325 बूथों पर 15 फरवरी को मतदान किया जाएगा।