हाथों में तिरंगा लेकर बाइकों पर सवार लोग। संवाद
वजीरगंज। कारगिल शहीद हरिओम सिंह जयंती के अवसर पर कस्बा में बुधवार को तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसका नेतृत्व शहीद के पुत्र कुंवर प्रताप सिंह ने किया।
विकास खंड कार्यालय से शुरू हुई तिरंगा यात्रा बगरैन होते हुए शहीद हरिओम सिंह स्मारक, हरिओम नगर (इटौआ) गांव में संपन्न हुई। बाइकों पर सवार लोगों के हाथों में लहराता तिरंगा रहा। इसमें नौजवान, महिलाएं व बच्चे भी शामिल हुए। लोग बहजोई के प्रसिद्ध डीजे पर देशभक्ति की धुनों पर थिरकते चल रहे थे। तिरंगा यात्रा पर जगह-जगह फूल बरसाए गए। इस पर मौके पर मंडल अध्यक्ष राघव चौहान, मंडल अध्यक्ष रितेश चौहान, रीना राघव, राहुल सिंह, महेंद्र पाल, देवेश सिंह, निर्दोष माली आदि कार्यकर्ता शामिल रहे।
शहीद की जयंती पर लगा मेला
वजीरगंज क्षेत्र के हरिओम नगर (इटौआ) में यहां शहीद हरिओम सिंह के स्मारक पर बुधवार को दो दिवसीय मेला शुरू हो गया है। मेला प्रत्येक वर्ष शहीद की जयंती पर ही शुरू होता है। मेला में आसपास के क्षेत्र के लोग भी पहुंचने लगे हैं। शहीद के परिवार के लोग मेला आयोजन में प्रमुख रूप से शामिल होते हैं।