योग दिवस पर पहुंचेंगे डीएम समेत कई अफसर
योग दिवस से पहले लोगों को रिहर्सल कराने के साथ उन्हें टिप्स देने में जुटे प्रशिक्षकों ने शुक्रवार को आसन लगाने की प्रक्रिया समझाई। बच्चों को भी योग का बोध कराया गया। समापन 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर होगा। उस दिन डीएम और एसएसपी के साथ कई अफसर भी पहुंचेंगे।
हरविलास गोयल इंटर कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों में जुटे दिल्ली की संस्था के प्रमुख डॉ. सत्यनारायण यादव और सहायिकाओं में सुशीला विश्वास और अनीता ने शिविर में जुटे गणमान्य नागरिकों समेत महिलाओं और बच्चों को कई तरह के आसन लगाने का रिहर्सल कराया। करीब 20 दिन से चल रहे शिविर में रोजाना ही योग के गुर सिखाए जा रहे हैं। लोगों को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने से जुड़े योग के आसनों के बारे में भी समझाया गया। प्रशिक्षक ने बताया, समापन पर करीब पांच हजार लोग योग करके इसे बढ़ावा देने का संकल्प भी लेंगे। इसके अलावा भगवान दास पैलेस में भी योग दिवस पर महिला पतंजलि योग समिति की ओर से विशेष आयोजन प्रस्तावित है। आयोजक मंडल के मुखिया किशनचंद्र शर्मा ने बताया कि तीन दिवसीय शिविर का आगाज 18 जून को होगा। तीनों दिन योग प्रशिक्षिका श्वेता छाबड़ा लोगों को योगासन लगाने की कला सिखाएंगी। इसके लिए पैलेस में शुक्रवार के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया।
राजकीय डिग्री कॉलेज में योग का महत्व बताया
बिल्सी। स्थानीय महाराणा प्रताप राजकीय पीजी कॉलेज में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन की रणनीति बनाई गई। इसके लिए हुई प्रशिक्षण बैठक में योगाचार्य संजीव वार्ष्णेय ने कहा कि योग विज्ञान ने जीवन शैली का पूर्ण स्वरूप आत्मसात किया है।
एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि योग सिर्फ व्यायाम और आसन नहीं है, यह भावनात्मक एकीकरण और रहस्यवादी तत्व का स्पर्श लिए हुए एक आध्यात्मिक ऊंचाई है, जो आपको सभी कल्पनाओं से परे एक झलक देता है। इस मौके पर राजेश कुमार, विनय कुमार, संजीव कुमार, अंकित बाबू, विवेक कुमार, मुनेंद्र यादव, सर्वेंद्र यादव, राकेश चंद्र मौर्य, नूतन उपाध्याय, मोहिनी पाठक, पारस शर्मा, शनि शर्मा, नेहा शर्मा, मनीषा शर्मा आदि की उपस्थिति रही।
जनजागरण रैली निकालकर बताया योग का महत्व
सहसवान। 21 जून को होने वाले योग दिवस की सफलता के लिए भारत स्वाभिमान ट्रस्ट, पतंजलि योग समिति समेत विभिन्न संगठनों और स्कूली छात्रों ने जनजागरण रैली निकाली और लोगों को योग का महत्व समझाया।
मुख्य अतिथि तहसीलदार अहिबरन सिंह और ट्रस्ट के जिला प्रभारी सत्येंद्र यादव ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर आदर्श जूनियर हाईस्कूल से रैली को रवाना किया। विद्यालय से शुरू हुई रैली शहबाजपुर छह सड़का, प्रमोद इंटर कॉलेज, नवादा, गोपालगंज, सैफुल्लागंज, तहसील गेट, चौधरी मुहल्ला, मुख्य बाजार बिल्सनगंज, अकबराबाद, नयागंज, जहांगीराबाद होते हुए वापस विद्यालय पहुंचकर समाप्त हुई। युवा भारत, पतंजलि योग समिति, किसान पंचायत के कार्यकर्ताओं, प्रमोद इंटर कॉलेज, पन्नालाल इंटर कॉलेज के छात्रों ने रैली में भाग लिया। इसमें ट्रस्ट के तहसील प्रभारी अतुल सक्सेना फौजी, सुभाष गौड़, अंबरीश वर्मा, चित्रकिशोर अगस्त्य, प्रधानाचार्य रामौतार कश्यप, प्रधानाचार्य विनय जैन, डॉ. दबीरूल हसन, प्रेम स्वरूप गुप्त, अनुराग दीक्षित, प्रमोद फौजी, राहुल शर्मा, विश्नु असावा, विवेक, सचिन, गौरव, विशाल, गोविंद, कुणाल सक्सेना, अभिषेक सक्सेना, दिनेश सक्सेना, सुमित शर्मा, विक्रम सक्सेना, अवनीश, दीपक, मुन्ना, काका आदि का सहयोग रहा। वहीं, दहगवां में अशर्फी लाल लक्ष्मी नारायण इंटर कॉलेज से मोटरसाइकिल रैली निकाली गई। इस मौके पर बीईओ विजय कुमार, उमेश कुमार, मुहम्मद मोहसिन, अनिल कुमार, भुवनेश शर्मा, रामबाबू गुप्ता, मयंक गुप्ता, अंकित गुप्ता, हरीश गुप्ता, संगम गुप्ता, यश, राजेश यादव आदि मौजूद रहे
बिसौली में निकाली योग जागरूकता रैली
बिसौली। पतंजलि योगपीठ और नगर के योग प्रेमियों ने जागरूकता रैली निकालकर लोगों को योग के बारे में जागरूक किया। नगर के मदनलाल इंटर कॉलेज से शुरू हुई रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस मौके पर प्रधानाचार्य गणेशचंद्र गोयल ने कहा कि योग ही रोग को भगा सकता है। भाजपा नेता दुर्गेश वार्ष्णेय, नगराध्यक्ष अक्कू रस्तोगी और व्यापारी नेता राजाबाबू वार्ष्णेय, कृष्णा गुप्ता, संगीता रस्तोगी, मितुल वार्ष्णेय, प्रभाकर गुप्ता, रजनीश सिंह, लक्ष्मीनारायण गुप्ता, राहुल वार्ष्णेय, विवेक कुमार, किशनलाल आदि रैली में शामिल रहे।
योगाभ्यास कराया, फायदे गिनाए
वजीरगंज। भारत विकास परिषद शाखा वजीरगंज की ओर से श्री देवकी नंदन सेनानी स्मारक इंटर कॉलेज में चल रहे योग सप्ताह के द्वितीय दिवस में शुक्रवार को योग शिक्षक हरिओम वर्मा ने योगाभ्यास कराया। इससे होने वाले लाभ गिनाए। प्राणों की शक्ति के लिए अनुलोम विलोम करने की सलाह दी गई। उन्होंने आठ प्राणायाम, आसन व व्यायामों का यौगिक अभ्यास कराया। सुमन वर्मा ने ध्यान एवं शवासन के साथ साथ महिलाओं के उपयोगी महत्वपूर्ण आसन तथा गोमुखासन, वक्रासन, कंधरासन कराए। शिविर में मुरली मनोहर गुप्ता, नेमपाल सिंह, तनुज वार्ष्णेय, योगेंद्र वार्ष्णेय, रिधि प्रताप आदि मौजूद रहे।
नि:शुल्क योग प्रशिक्षण शिविर आज से
बदायूं। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर पांच दिवसीय नि:शुल्क योग प्रशिक्षण शिविर शनिवार से बरेली रोड स्थित चौपाल सागर में प्रारंभ होगा। योगासन एवं प्राणायाम की सभी क्रियाएं पतंजलि योगपीठ हरिद्वार से प्रशिक्षित योग सेवक सचिन भारद्वाज की ओर से करवाई जाएंगी। योग शिविर प्रात: पांच बजे से साढ़े सात बजे तक चलेगा।
केदारनाथ महिला कॉलेज में योग शिविर
बदायूं। शहर के केदारनाथ महिला इंटर कॉलेज में शुक्रवार को दूसरे दिन भी योग शिविर जारी रहा। इसमें प्रधानाचार्य डॉ. उमलेश गुप्ता ने बताया कि दैनिक योग क्रिया करने से शारीरिक रोगों से मुक्ति मिलती है और मानसिक शक्ति का उत्सर्जन होता है। उन्होंने कहा कि योग ऋषि मुनियों की देन है। इसे हमें दैनिक जीवन में अपनाना चाहिए। छात्राओं ने योग के माध्यम से आपसी जागरूकता दिखाई। शिविर में कविता रस्तोगी, हेमा मेहता, सुधा रानी, सोनल कपूर आदि ने योग के महत्व को समझाया।