बिल्सी। थाना उघैती क्षेत्र के गांव पलिया में बृहस्पतिवार की दोपहर दबंगों द्वारा खेत से आलू खोदने का विरोध करने पर मारपीट हो गई। घटना में खेत स्वामी सहित चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए बिल्सी सरकारी अस्पताल भिजवाया है।
गांव पलिया निवासी चरण सिंह पुत्र कृष्णपाल के खेत में आलू की फसल खड़ी थी। आरोप है कि गांव के कुछ दबंग लोग खेत से आलू खोदकर अपने घर ले जा रहे थे। जब इसकी जानकारी चरण सिंह और उनके परिजनों को हुई तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर इसका विरोध किया। इस पर आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
मारपीट में चरण सिंह के अलावा दिनेश कुमार, भगवान देवी और राजवीर घायल हो गए। घायलों ने घटना की सूचना थाना उघैती पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए बिल्सी सरकारी अस्पताल भेजा गया। पीड़ितों की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।