- पुलिस ने मारा छापा, रेस्टोरेंट मालिक पुलिस देखकर भागा
संवाद न्यूज एजेंसी
सिलहरी (बदायूं)। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के खेड़ा नवादा इलाके में एक रेस्टोरेंट से मंगलवार सुबह तीन नाबालिग छात्राओं के साथ तीन युवक पकड़े गए। तीनों छात्राओं के पास स्कूल बैग थे। वह यूनिफॉर्म में ही रेस्टोरेंट पहुंचीं थीं। पुलिस ने परिवार वालों को बुलाकर छात्राओं को उनके हवाले कर दिया तो तीनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। इस दौरान रेस्टोरेंट संचालक पुलिस देखकर भाग गया।
सिविल लाइंस थाना पुलिस ने मंगलवार सुबह करीब आठ बजे दबिश दी। पुलिस को सूचना मिली थी कि खेड़ा नवादा इलाके के नजदीक रेस्टोरेंट में कई लड़के और लड़कियां हैं। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर गौरव विश्नोई पुलिस बल और महिला पुलिस कर्मियों को लेकर रेस्टोरेंट पहुंच गए।
जब पुलिस दल रेस्टोरेंट पहुंचा तो तीन नाबालिग छात्राएं और तीन युवक बैठे मिले। बताया जा रहा है कि उनमें दो छात्राएं एक इंटर कॉलेज की तो एक छात्रा दूसरे महिला इंटर कॉलेज की थी। जबकि युवक यूनिफॉर्म में नहीं थे। पुलिस युवकों और छात्राओं लेकर सिविल लाइंस थाने आ गई।
पूछताछ कर तीनों छात्राओं के परिवार वालों को भी थाने बुला लिया गया। फिलहाल परिवार वालों का कहना है कि छात्राएं कुछ खाने-पीने रेस्टोरेंट गईं थीं। पुलिस ने छात्राओं को परिवार वालों के हवाले कर दिया, युवकों से पूछताछ की जा रही है।
इंस्पेक्टर गौरव विश्नाेई ने बताया कि एक सूचना पर रेस्टोरेंट में दबिश दी गई थी। तीनों छात्राएं नाबालिग हैं। उनके परिवार वालों ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है।