बिसौली में घटना स्थल पर जानकारी लेती पुलिस।
- भीख मांगकर गुजारा कर रही थी महिला, पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेजा शव
संवाद न्यूज एजेंसी
बिसौली (बदायूं)। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे किनारे मंगलवार शाम तालाब किनारे एक महिला का शव पड़ा मिला। उसकी पहचान मोहल्ला चारबाग निवासी ममता के रूप में हुई है। वह लंबे समय से बीमार बताई जा रही है। उसके थैले में एक जहरीले पदार्थ की शीशी भी मिली है। पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कस्बे के मोहल्ला चारबाग निवासी 35 वर्षीय ममता पुत्री वीरेंद्र मंगलवार सुबह अपने घर से निकली थी। इसके बाद ममता का कुछ पता नहीं चला। अपराह्न करीब तीन बजे कुछ लोगों ने उसका शव मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे किनारे डिग्री कॉलेज के नजदीक तालाब किनारे पड़ा देखा। इसकी सूचना पर इंस्पेक्टर संजीव कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने महिला के बारे में जानकारी की तो पता चला कि वह अपनी मां के साथ घर में रह रही थी। उसकी शादी नहीं हुई थी। वह कई साल से बीमार थी। उसका भाई रामपुर जिले के शाहबाद में जूता-चप्पल मरम्मत का काम करता है। वह अक्सर अपने घर से निकलकर चली जाती थी। वह मानसिक रूप से भी कमजोर थी।
तलाशी में उसके थैले से कुछ आटा, पन्नी और जहरीले पदार्थ की एक शीशी मिली है। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि उसने विषाक्त पदार्थ खाकर जान दे दी। मोहल्ले के लोगों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार किया था लेकिन पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया बताते हुए उसका शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंसपेक्टर संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि महिला का शव मिला है। उसका पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।