जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचास्थानि) शंभूनाथ ने ब्लाक समरेर की ग्राम पंचायत मुझियाना, झुकसा, कमां, बिसौली ब्लाक की ग्राम पंचायत भानपुर, भवीपुर, दहगवां ब्लाक की ग्राम पंचायत लौहरपुरा में ग्राम प्रधान और ब्लाक समरेर की ग्राम पंचायत मुझियाना के वार्ड नंबर-13 के ग्राम पंचायत सदस्य के रिक्त पदों पर उप चुनाव को अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही उपचुनाव की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। संबंधित निर्वाचन अधिकारियों ने अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में शुक्रवार को अधिसूचना जारी कर दी है।
जिले के तीन ब्लाकों समरेर, बिसौली एवं दहगवां में त्रिस्तरीय पंचायत के कुल सात रिक्त पदों के लिए अधिसूचना जारी की जा चुकी है। ब्लाक समरेर की ग्राम पंचायत मुझियाना में प्रधान पद को महिला, ग्राम पंचायत झुकसा में अनुसूचित जाति एवं कमां में अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए प्रधान पद की सीट आरक्षित है। ब्लाक बिसौली की ग्राम पंचायत भानपुर, भवीपुर, दहगवां की ग्राम पंचायत लौहरपुरा में प्रधान पद एवं ब्लाक समरेर की ग्राम पंचायत मुझियाना में वार्ड नंबर 13 के ग्राम पंचायत सदस्य पद की सीट अनारक्षित हैं।
23 से शुरू है उप चुनाव कार्यक्रम
सभी रिक्त पदों के लिए अपने अपने क्षेत्रों में 23 अप्रैल तक 10 बजे से अपराह्न चार बजे के मध्य नामांकन फार्म दाखिल किए जा सकते हैं। 24 अप्रैल को नाम निर्देशन पत्रों की 10 बजे से जांच होगी। 25 अप्रैल को 10 बजे से अपराह्न तीन बजे तक नाम वापसी की जा सकती है। 25 अप्रैल को तीन बजे से चिह्न आवंटित किए जाएंगे। 30 अप्रैल को प्रात: सात बजे से पांच बजे तक सभी रिक्त पदों पर मतदान होगा। दो मई को प्रात: आठ बजे से मतगणना होगी।