बदायूं। सहसवान कस्बे में नकली मोबिल ऑयल बेचते तीन दुकानदार पकड़े गए। उनके पास से नकली मोबिल ऑयल बरामद हुआ है। कैस्ट्रॉल कंपनी के अधिकृत मैनेजर ने तीनों दुकानदारों के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराई है। इस छापामारी के दौरान तमाम दुकानदार अपनी दुकानें बंद करके भाग गए।
लांसर्स नेटवर्क लिमिटेड कंपनी साकेत नई दिल्ली के मैनेजर रवि सिंह पुत्र रामनरेश सिंह के मुताबिक, उन्हें सूचना मिली थी कि सहसवान में तमाम दुकानदार उनकी कंपनी के नाम से नकली मोबिल ऑयल बेच रहे हैं। इस पर रवि सिंह बृहस्पतिवार को सहसवान कोतवाली पहुंचे और उन्होंने इंस्पेक्टर विशाल प्रताप सिंह को इसकी जानकारी दी। इसके बाद रवि सिंह ने पुलिस टीम के साथ कस्बे में दुकानों पर छापामारी शुरू की।
सबसे पहले उन्होंने लिमरा ट्रैक्टर्स एंड इलेक्ट्रिकल्स पार्ट्स की दुकान पर छापा मारा। यहां से 10 लीटर की एक बाल्टी नकली मोबिल ऑयल बरामद किया।
नाम पता पूछने पर दुकानदार ने अपना नाम शादाब पुत्र तौफीक अहमद ईसापुर नवादा सहसवान बताया। इसके बाद टीम ने इरफान ऑटो वर्कशॉप पर चेकिंग की। यहां से एक एक लीटर के चार डिब्बे और सात डिब्बे खाली बरामद हुए। दुकानदार में अपना नाम आजम पुत्र राजू बताया। बाद में टीम ने नासिर ऑटो सर्विस पर मोबिल ऑयल चेक किया। यहां से एक एक लीटर के छह डिब्बे और दो लीटर के आठ डिब्बे नकली मोबिल ऑयल बरामद हुआ। दुकानदार में अपना नाम नासिर पुत्र नबी अहमद बताया।
इसके अलावा टीम ने सुल्तान ऑटो सर्विस, ओम साईं ट्रेडर्स समेत कई दुकानें चेक की। तमाम दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें बंद करके भाग गए। रवि सिंह के मुताबिक यह दुकानदार कंपनी के नाम का नकली मोबिल ऑयल बेच रहे थे। उन्होंने तीनों दुकानदारों के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है।