बदायूं। कुंवरगांव थानाक्षेत्र के गांव दुगरैया में 13 अप्रैल को दो गुटों में पथराव व फायरिंग हो गई थी। दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने 16 लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला, बलवा आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। इसमें दो आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया था। अब तीन लोगों ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है।
एक पक्ष के खुशनसीब ने जिला पंचायत सदस्य मोहम्मद आजम, मोहम्मद अली, अकरम, मुशाहिद, गुड्डा, जहांगीर, रिफाकत, मुशाहिद उर्फ चानी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वहीं, रिफाकत अली की ओर से शिफत अली, शाहनवाज, कासिम, शहंशाह, तहमीद, तनवीर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने जिला पंचायत सदस्य आजम के पक्ष के दो लोगाें को पहले दिन ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब गुड्डा, जहांगीर व मुशाहिद उर्फ चानी ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है।
अभी दूसरे पक्ष के लोगों को पुलिस ने हाथ नहीं लगाया है। बताया जा रहा है कि उन पर एक सफेदपोश का खुला सपोर्ट है। पुलिस लगातार एक ही पक्ष के लोगों पर कार्रवाई कर रही है। आरोप है कि पुलिस ने घर में दबिश के नाम पर तोड़फोड़ भी की है। डर से घर के लोग फरार हैं। दूसरे पक्ष के लोग गांव में खुलेआम घूम रहे हैं। इंस्पेक्टर अरविंद कुमार का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है। तीन लोगों ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। दो पहले ही जेल जा चुके हैं। फरार चल रहे आरोपियों को भी जेल भेजा जाएगा।