बाइक सवार बेखौफ बदमाशों ने मां-बेटे समेत तीन लोगों से दिन दहाड़े सरेराह नगदी और जेवर लूट लिए। विरोध करने पर इन लोगों को पीटा भी। लूटपाट करने के बाद बदमाश भाग गए। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए लूट का शिकार नंदराम ने कोतवाली में तहरीर दी है।
सहसवान थाना क्षेत्र के गांव भमोरी निवासी नंदराम अपनी मां भूदेवी और गांव की ही रेशवती पत्नी महावीर के साथ बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव खेतल नगला गया था। तीनों लोग बाइक से वहां से गांव लौट रहे थे। रास्ते में सहसवान-नाधा रोड पर पीछे से आ रही बाइक ने नंदराम को बाइक ओवरटेक करके रोक लिया। बाइक पर सवार दो बादमाशों ने तीनों लोगों से असलहों के बल पर लूटपाट की। नंदराम से बदमाशों ने पांच सौ रुपये, भूदेवी से सोने के कुंडल, पाजेब, रेशनवती से कुंडल, सोने की चेन, सोने का टीका और पाजेव लूट लीं। विरोध करने पर मारपीट भी की। लूटपाट करने के बाद बदमाश भाग गए। नंदराम की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है।