बदायूं। अलापुर थाना क्षेत्र में कंचनपुर और म्याऊं पुलिस चौकी पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में दंपती समेत तीन लोग घायल हो गए, जबकि दंपती के साथ मौजूद दो बच्चे बाल-बाल बच गए।
अलापुर। हाईवे पर कंचनपुर के पास हुए सड़क हादसे में अज्ञात वाहन की टक्कर में कुंवरपाल (38 साल) पुत्र डूंगर लाल, निवासी फाजिल नगला की मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
म्याऊं। वेदप्रकाश (21 साल) पुत्र राधेश्याम निवासी कुंवरगांव, अपनी पत्नी मंजू और दो बच्चों के साथ घसनगला से मोटरसाइकिल से लौट रहे थे। जैसे ही वे म्याऊं पुलिस चौकी के पास पहुंचे, अचानक वेदप्रकाश को चक्कर आ गया, जिससे मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में वेदप्रकाश व मंजू के चेहरे पर चोटें आईं हैं, जबकि दोनों बच्चे बाल-बाल बच गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र म्याऊं में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। उपचार के बाद दोनों को घर भेज दिया गया है।