छात्राओं को धमका कर उनके अश्लील फोटो खींचने और ब्लैकमेल करने की नीयत से कॉल के मामले में कोतवाली पुलिस ने अंतत: तीसरे दिन कार्रवाई कर दी। एक छात्रा के पिता की ओर से दर्ज रिपोर्ट में पुलिस ने छात्र समेत तीन आरोपियों पर छेड़छाड़ करने और धमकी देने समेत पाक्सो एक्ट के तहत नामजद किया है। उनमें नामजद छात्र समेत दो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी के आदेश पर जिला मुख्यालय से पहुंची एसओजी की टीम ने दोनों आरोपियों से पूछताछ भी की।
पुलिस के मुताबिक, एक छात्रा के पिता की तहरीर के आधार पर सीएचसी कंपाउंड निवासी अमन डेबिड टर्नर पुत्र डेबिड टर्नर, आबिद उर्फ श्रीपाल पुत्र मोहम्मद यामीन निवासी मोहल्ला अयोध्यागंज और रामलीला मैदान इलाके का निवासी नोबिल पुत्र सत्यपाल के खिलाफ छेड़छाड़ करने और ब्लैकमेल करने के लिए धमकी देने के मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है। छात्राओं के नाबालिग होने की वजह से उनके खिलाफ पाक्सो भी लगाया गया है। रिपोर्ट लिखे जाने के बाद एसओजी की टीम और कोतवाली पुलिस न संयुक्त रूप से अभियान चलाकर अमन और आबिद उर्फ श्रीपाल को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने स्वास्थ्य कर्मी के अस्पताल परिसर स्थित आवास में भी तलाशी ली। अमन स्वास्थ्य कर्मी का बेटा है। एसओजी की टीम ने नामजदों से जुड़े सेल फोनों का रिकार्ड भी खंगाला। तीन दिन पहले पुलिस को सौंपे गए दोनों सेलफोन की गैलरी में फोटो पर भी गौर किया गया। बता दें कि तीन दिन पहले एक छात्रा के पिता की ओर से तहरीर देते वक्त अमन के दोनों सेलफोन कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिए गए थे। सीओ बंशराज सिंह ने पीड़ित छात्राओं में से कुछेक के घरवालों से जानकारी हासिल की। इससे पहले पूर्वाह्न में छात्राओं के घरवाले एसएसपी सौमित्र यादव से मिले थे। घरवालों ने एसएसपी को भी पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया था। कोतवाल देवराज राठी का कहना है कि फरार नोबिल को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
आठ साल पहले आया था एक और मामला
उझानी। करीब आठ साल पहले कोतवाली पुलिस ने नगर निवासी युवक को ब्लू फिल्मों की सीडी बेचने के आरोप में पकड़ा था। तलाश के दौरान उसके पास पुलिस को कुछेक ऐसी सीडी भी मिली थी जिनमें स्थानीय दो-तीन लड़कियों की क्लिपिंग थी, लेकिन कार्रवाई कराने के लिए कोई भी व्यक्ति आगे नहीं आया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कापीराइट एक्ट के उल्लंघन का मामला दर्ज कर चालान कर दिया था।