बदायूं के कुंवरगांव क्षेत्र के गांव कालिया काजमपुर में बुखार कहर बरपा रहा है। सोमवार रात गांव की एक युवती की मौत हो गई। वह बुखार से पीड़ित थी। यहां तीन दिन के अंतराल में बुखार पीड़ित तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जिससे ग्रामीणों में दहशत है।
कालिया काजमपुर के प्रेम नारायण की बेटी सुरभि (18 वर्ष) वजीरगंज के एक कॉलेज में 12वीं की छात्रा थी। परिजनों ने बताया कि उसको दो-तीन दिन से बुखार आ रहा था। वजीरगंज के निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। सोमवार रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इनकी भी गई जान
इसी तरह गांव के कल्लू (57 वर्ष) पुत्र सुंदरलाल की सोमवार रात और रूपन देवी (70) पत्नी रामस्वरूप की रविवार रात निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो चुकी है। ग्रामीणों ने बताया कि तीनों को पिछले कई दिनों से तेज बुखार आ रहा था।
परिवारजनों का कहना है कि तीनों की मौत डेंगू बुखार से हुई है। उनका कहना है कि गांव में कई दिनों से मच्छरों का प्रकोप है और कई लोग बुखार से पीड़ित हैं। इलाज कर रहे निजी चिकित्सक का कहना है कि मौत सामान्य बुखार की वजह से हुई है।