फैजगंज बेहटा थाने में पकड़े गए जंगली सूअरों का शिकार करने वाले तस्कर। स्रोत पुलिस
बदायूं। फैजगंज बेहटा इलाके में रविवार रात शिकारियों ने 10 जंगली सूअर पकड़कर पिकअप वैन में लाद लिए। शिकारी जब सुअरों को लेकर बिसौली की ओर जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हों दबोच लिया। तीनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने उनका चालान कर दिया है। वन विभाग की टीम ने सुअरों को जंगल में छोड़ दिया है।
रविवार रात करीब नौ बजे पशु मित्र सिरसौली निवासी संजीव कुमार, शहर के मोहल्ला कल्यान नगर निवासी विकेंद्र शर्मा, मधुवन कॉलोनी निवासी मयंक प्रताप सिंह और ब्राह्मपुर निवासी सूर्या शर्मा एक बंदर का रेस्क्यू करने बिसौली गए थे। उसी दौरान विकेंद्र शर्मा ने आसफपुर रोड पर एक पिकअप गाड़ी देखी। उसमें तीन संदिग्ध लोग सवार थे। पशु मित्रों ने नजदीक पहुंचकर देखा तो गाड़ी में 10 जंगली सूअर पैर बंधे पड़े थे। यह देखकर उन्होंने तुरंत आसफपुर चौकी पुलिस को सूचना दी। इस पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और गाड़ी कब्जे में ले ली। तीनों लोगों गिरफ्तार कर लिया गया। उन्हें पकड़कर आसफपुर चौकी ले जाया गया।
पूछताछ के दौरान उन्होंने अपने नाम बिसौली के मोहल्ला चारबाग निवासी अखिलेश, विपिन और महीपाल बताया। पूछताछ में उन्होंने कबूला कि उन्होंने आसफपुर इलाके में अरिल नदी की कटरी से जंगली सूअर पकड़े हैं। वे पिकअप से उन्हें बिसौली ले जा रहे थे कि तभी रास्ते में पकड़े गए। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर सोमवार दोपहर उनका चालान कर दिया। सूचना पर वन विभाग की टीम भी थाने पहुंच गई। टीम सभी सुअरों को जंगल में ले जाकर छोड़ दिया। एसओ वेदपाल सिंह ने बताया कि 10 जंगली सुअरों के साथ तीन शिकार पकड़े गए हैं। तीनों का चालान कर दिया गया है।