उझानी। कस्बे के नजदीक एक गांव के तीन बच्चों के साथ कुकर्म का मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने चार दिन पहले जिस 11 साल के बालक के साथ हैवानियत की, उससे पहले यही युवक दो और बालकों को अपना शिकार बना चुका था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
तीन बच्चों के साथ कुकर्म का मामला रविवार शाम को कोतवाली पहुंचा। पुलिस के मुताबिक, कुकर्म के आरोपी रियासत ने चार दिन पहले गांव के 11 साल के एक बच्चे से कुकर्म किया था। उसे धमकी दी थी कि अगर किसी को बताया तो जान से मार देगा। बालक ने जब अपने पिता को घटना के बारे में बताया तो वह भी सहम गए।
गांव में बात फैली तो पता चला कि रियासत गांव के ही दो अन्य बच्चों के साथ भी कुकर्म कर चुका है। इसके बाद पिता बच्चे को लेकर थाने गए। पुलिस ने जांच शुरू की तो दोनों अन्य बालकों ने भी हकीकत बयां कर दी। छानबीन में पता चला कि 25 सितंबर के बाद से रियासत गांव से भागा हुआ है।
निरीक्षक (अपराध) राहुल कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर तीनों बालकों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। तीनों का मेडिकल भी कराया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें लगा दी गईं हैं।
पहले वीडियो बनाता, फिर बच्चों को धमकाता
एक बालक के पिता ने बताया कि 25 सितंबर को जब रियासत ने उसके बेटे के साथ कुकर्म किया तो उसे कुछ लोगों ने पकड़ लिया था। हालांकि वह उनसे छूटकर भाग गया था। रियासत कुकर्म की वीडियो बना लेता था। उसके बाद वह उन्हीं बालकों को दिखाता। साथ ही धमकी भी देता कि अगर जुबान खोली तो जान से मार देगा।
भतीजे से कुकर्म में चाचा गिरफ्तार
- इलाके के मिर्जापुर गांव में शनिवार दोपहर की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी। इलाके के गांव मिर्जापुर में सात साल के मासूम भतीजे से चाचा ने कुकर्म किया। चंगुल से छूटने के बाद बालक अपने घर पहुंचा और परिजन को बताया। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बालक का मेडिकल कराया है।
घटना शनिवार दोपहर बाद की है। मिर्जापुर निवासी एक व्यक्ति का सात वर्षीय बेटा घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान पहुंचा चाचा उसे अपने साथ खेत पर ले गया। आरोप है कि खेत में उसने मासूम के साथ कुकर्म किया। इसके बाद भी बालक को उसने घर चलकर मिठाई खिलाने की कहकर काफी देर तक मौके पर ही रोके रखा। बालक ने घर लौट पर अपने माता-पिता को सारी बात बताई। शाम तक गांव में ही आरोपी की खोजबीन की गई।
देर रात बालक के साथ कोतवाली पहुंचे माता-पिता ने पुलिस को मामले की तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी लालू उर्फ सुधीर (25) के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। लालू पर पाक्सो एक्ट भी लगाया गया है। निरीक्षक (अपराध) राहुल कुमार ने बताया कि लालू को गिरफ्तार कर लिया गया है। फॉरेंसिक जांच के लिए उसके कपड़े भी कब्जे में लिए गए हैं। बालक का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। वहीं लालू के परिजन कोतवाली पहुंचे और बताया कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। इसी कारण उसकी पहली पत्नी उसे छोड़कर चली गई। इसके बाद उसकी दूसरी शादी की गई। वहीं बालक के परिजन इसे झूठ बता रहे हैं।