बिसौली। ईदगाह रोड स्थित वार्ड संख्या 17 से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुए तीनों बच्चे आंध्र प्रदेश के नेल्लोर स्थित रहमताबाद दरगाह में मिल गए हैं। पुलिस टीम उन्हें लेने देर रात आंध्र प्रदेश रवाना हो गई।
कोतवाली पुलिस के उपनिरीक्षक जब्बार अली, बच्चों के पिता नूर मोहम्मद को साथ लेकर नेल्लोर रवाना हो गए हैं। पुलिस टीम के 24 मार्च की सुबह तक वहां पहुंचने और 25 मार्च की देर रात तक बच्चों को वापस लेकर लौटने की संभावना जताई जा रही है। कोतवाल राजेंद्र सिंह पुंडीर ने नेल्लोर पुलिस और दरगाह प्रबंधन से संपर्क कर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
बता दें कि 18 मार्च की शाम रसूल अहमद (10 वर्ष) और अहिल (12 वर्ष) पुत्रगण नूर मोहम्मद तथा आरिश (13 वर्ष) पुत्र अमीर अहमद घर से खेलने निकले थे, तभी से लापता हैं। 20 मार्च को इस संबंध में कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
परिजनों के अनुसार, बच्चे पूर्व में परिवार के साथ नेल्लोर स्थित दरगाह जा चुके थे। अक्सर वहां जाने की इच्छा जताते रहते थे। इसी आधार पर परिजनों ने वहां के परिचितों को बच्चों की तस्वीरें भेजीं, जिसके बाद उनके नेल्लोर में होने की पुष्टि हुई। संवाद