बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद डाकधर परिसर में चेकिंग करती सुरक्षा टीम।
बदायूं। मुख्य डाकघर और पासपोर्ट सेवा को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बृहस्पतिवार को हड़कंप मच गया। शासन स्तर पर धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद सभी संबंधित अलर्ट जारी करने के बाद पुलिस-प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए दोपहर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग में परिसरों में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने पर अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
अज्ञात ईमेल से मिली धमकी के बाद पुलिस ने तुरंत डाकघर खाली कराकर बम निरोधक दस्ते व डॉग स्क्वायड से तलाशी ली। तीन घंटे की जांच में कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला। पुलिस अधिकारियों ने ग्राहकों को बाहर कराकर डाकघर का कोना-कोना छाना। डाकघर और आसपास के परिसर को खाली कराकर सघन तलाशी अभियान चलाया।
तीन घंटे तक पुलिस ने कोने-कोने की जांच की। डाकघर में रखे पार्सल, लेटर और अन्य सामान को भी बारीकी से चेक किया गया। सुरक्षा के मद्देनजर डाकघर के बाहर पुलिस बल तैनात किया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले। मेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि शासन स्तर से जारी अलर्ट के अनुपालन में न्यायालय में सुरक्षा दृष्टि के तहत चेकिंग की गई। सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है। जांच के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध सामग्री या विस्फोटक नहीं मिला है।