झोपड़ी में लगी आग में निकले अधजले नोट। संवाद
- फोटो : कथा सुनाते प्रवाचक मनोज शुक्ल।
दहगवां। जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव आंतर के बाहर पड़ी एक झोंपड़ी में बृहस्पतिवार दोपहर आग लगने से नकदी व घरेलू सामान समेत हजारों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना के समय झोंपड़ी में तीन बच्चों सहित पांच लोग मौजूद थे। गनीमत रही कि सभी को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
गांव आंतर निवासी आशाराम पुत्र गनेशी की झोंपड़ी में उनका बेटा श्याम, बेटी ऊषा और ऊषा के तीन बच्चे सो रहे थे। दोपहर करीब तीन बजे अचानक छप्पर में आग लग गई और देखते ही देखते लपटें तेज हो गईं। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण पहुंचे और पानी डालकर आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक रजाई, गद्दे, चारपाई, मोबाइल, बर्तन, अनाज और करीब पांच हजार रुपये की नकदी जल चुकी थी। पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।