माध्यमिक शिक्षा परिषद के एक आदेश ने बिगड़े समीकरण
आधार संख्या को बैंक एकाउंट से लिंक न होने पर रद्द हो जाएगा आवेदन
डीआईओएस ने सभी प्रधानाचार्यों को जारी किया आदेश
माध्यमिक शिक्षा परिषद इलाहाबाद के आदेश ने हजारों बच्चों का छात्रवृत्ति मिलने का सपना तोड़ दिया है। शुक्रवार को डीआईओएस राकेश कुमार ने सभी प्रधानाचार्यों को पत्र लिखकर छात्र-छात्राओं को उनके बैंक एकाउंट में आधार संख्या लिंक कराने के संबंध में सूचित करने का आदेश दिया है।
छात्रवृत्ति फार्म का आवेदन अगस्त माह से चल रहा है। ऐसे में उन हजारों छात्र-छात्राओं के आवेदन का रद्द होने का खतरा मंडरा रहा है। छात्रवृत्ति फार्म को भरने के लिए छात्र-छात्राएं लगातार साइबर कैफों के चक्कर लगाने के बाद आवेदन कर सके थे। कई जगहों पर इन छात्र-छात्राओं से आवेदन कराने के नाम पर रुपये भी वसूल किए गए, क्योंकि विभाग की ओर से कई बार छात्रवृत्ति फार्म आवेदन करने की तिथि तीस अगस्त घोषित कर दी गई थी जिसे बाद में बढ़ा दिया गया है। लेकिन माध्यमिक शिक्षा परिषद के ऐसे आदेश से उन सभी छात्र-छात्राओं को धक्का लगेगा जो अगस्त माह में ही अपना आवेदन कर चुके हैं। इस संबंध में डीआईओएस राकेश कुमार ने बताया शासनदेश के मुताबिक सभी प्रधानाचार्य अपने विद्यालय के छात्र-छात्राओं को आधार संख्या को बैंक एकाउंट से लिंक कराने की प्रक्रिया पूरी कर लें। ताकि अगले माह से होने वाली फीडिंग के दौरान उनका आवेदन निरस्त न हो जाए।
-----
आधार संख्या को बैंक एकाउंट से लिंक कराने के संबध में पहले भी डीआईओएस और जिलाधिकारी द्वारा बैठक कर प्रधानाचार्यों को सूचित किया जा चुका है। ऐसे में यदि जिन बच्चों का आधार संख्या खाते से लिंक नहीं हुआ है वे तुरंत इस प्रक्रिया को पूरा कर लें। लिंक न होने की स्थिति में उनका आवेदन निरस्त माना जायेगा। एनडी पाठक, समाज कल्याण अधिकारी