दबतोरी क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण करते खंड शिक्षा अधिकारी ओमेन्द्र दत्त त्रिपाठ
दबतोरी। बीईओ के निरीक्षण में एडेड स्कूलों में एनजीओ द्वारा किए जा रहे भोजन वितरण की पोल खुल गई। सामने आया कि क्षेत्र के एक स्कूल में जनवरी में एक भी दिन बच्चों को भोजन का वितरण नहीं किया गया। एक स्कूल में छात्र संख्या कम मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। बीईओ ने मामले की रिपोर्ट तैयार कर कार्रवाई के लिए भेजी है।
खंड शिक्षा अधिकारी ओमेन्द्र दत्त त्रिपाठी शुक्रवार को दबतोरी के प्राथमिक स्कूल में पहुंचे जहां अध्यापक तो थे लेकिन बच्चे न के बराबर मौजूद मिले। उन्होंने प्रधानाध्यापक को छात्रों की संख्या शतप्रतिशत करने के निर्देश दिए।
इसके बाद वह ललुआनगला प्राथमिक विद्यालय पहुंचे। यही हाल यहां भी देखने को मिला। बीईओ ने नाराजगी जताते हुए स्कूल की सभी व्यवस्थाओं को सुधारने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने कुमारी मंजू लता जूनियर हाईस्कूल में पहुंचकर निरीक्षण किया तो पता लगा कि एनजीओ भोजन का वितरण नहीं कर रहा।
उन्होंने मामले की जांच की तो प्रधानाचार्य चंद्र पाल सिंह ने बताया कि पूरे जनवरी माह में भोजन नहीं आया है। बीईओ ने रिपोर्ट तैयार कर कार्रवाई के लिए विभाग और डीएम को भेजी है।
-
शुक्रवार को क्षेत्र में कई स्कूलों का निरीक्षण किया। सामने आया कि एक स्कूल में एनजीओ ने भोजन का वितरण नहीं किया है। रिपोर्ट विभाग और डीएम को कार्रवाई के लिए भेजी है। सरकारी स्कूलों में छात्र संख्या बढ़ाने के निर्देश भी शिक्षकों को दिए हैं।
- ओमेंद्र दत्त त्रिपाठी, बीईओ, आसफपुर