इस्लामनगर। अग्निशमन वाहन कम होने के कारण इस बार पटाखों की बिक्री तहसील स्तर पर ही करने का आदेश जारी हुआ है। इससे विक्रेता और क्षेत्रवासी परेशान हैं।
वर्षों से कस्बे के रामलीला बाग में भीड़ से दूर पटाखों की बिक्री होती आ रही थी। जिला स्तर से ही दो दिन का लाइसेंस मिलता था। इस बार विक्रेताओं ने आवेदन किया तो प्रभारी निरीक्षक बिल्सी की आख्या मांगी गई। विक्रेताओं का कहना था कि उनका थाना इस्लामनगर है, तो आख्या वहीं से होनी चाहिए। पुलिस अधिकारियों के द्वारा उन्हें बताया गया कि जिले में तहसील स्तर पर ही आतिशबाजी बेची जाएगी। यह सुनकर विक्रेता और क्षेत्रवासी परेशान हैं।
बिल्सी व बिसौली दोनों तहसील की दूरी यहां इस्लामनगर से लगभग 30 किमी है, हर व्यक्ति इतनी दूर पटाखे लेने नहीं जा सकता। पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र लीडर ने बताया कि वह जिलाधिकारी से मिलकर कस्बे में ही लाइसेंस दिलाने का प्रयास करेंगे।
फायर सर्विस सेंटर पर गाड़ियां कम होने से ऐसा निर्णय लिया गया है, शासन के निर्देशों के अनुसार ही कार्य होगा। - गौरव आर्य, एसडीएम, बिल्सी