बदायूं। वजीरगंज के गांव मकरंदपुर में बृहस्पतिवार की रात तीन चोरों ने खेत में से डोडा चुरा लिया। विरोध करने पर चोरों ने चौकीदार को बंधक बनाकर मारपीट की। इससे वह घायल हो गए। चौकीदार के तहेरे भाई की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद व एक अज्ञात चोर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
वजीरगंज के गांव मकरंदपुुर निवासी जाबिर हुसैन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अफीम की खेती के लाइसेंस धारक हैं। उसका खेत मकरंदपुर छरछू मार्ग पर गंगा एक्सप्रेस-वे के पास है। खेती की रखवाली उसके चचेरे भाई इकबाल करते हैं। 28 मार्च की सुबह चार बजे उसके चचेरे भाई ने मोबाइल पर कॉल करके जानकारी दी कि देर रात में चोरों ने अफीम का डोडा चोरी कर लिया। उसने विरोध किया तो बंधक बनाकर मारपीट की गई। चचेरे भाई ने चोरों की पहचान धारा पुत्र सोरन सिंह व मुछी पुत्र महिपाल निवासी गांव कुर्वी थाना वजीरगंज के रूप की है। पुलिस ने दो आरोपियों को नामजद व एक अज्ञात खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई हैं। संवाद