बदायूं के कुंवरगांव थाना क्षेत्र में बुधवार रात घर के बाहर बंधी गाय को चोर खोल ले गए। बृहस्पतिवार सुबह पशुपालक ने ग्रामीणों के साथ तलाश शुरू की। इस बीच गन्ने के खेत में पशु के अवशेष मिले, जिससे आक्रोश फैल गया।
बदायूं के कुंवरगांव थाना क्षेत्र के खासपुर गांव में बुधवार की रात हुई पालतू गाय चोरी की घटना से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बृहस्पतिवार को सुबह गाय की तलाश के दौरान उसके अवशेष पास के खेत में मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की।
विज्ञापन
खासपुर गांव निवासी मुनेंद्र पुत्र मिहलाल के अनुसार, बीती रात उनके घर के बाहर बंधी गाय चोरी हो गई थी। सुबह उन्होंने ग्रामीणों के साथ आस-पास के खेतों में खोजबीन की, तो खासपुर-हुसैनपुर गांव के बीच स्थित गन्ने के खेत में गाय के अवशेष पड़े मिले। यह देखकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर कुंवरगांव थाना पुलिस, सीओ सिटी, पशु चिकित्सक व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पशु चिकित्सक की टीम ने अवशेषों की जांच की, जिसके बाद जेसीबी की मदद से उन्हें मिट्टी में दफना दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी और चोरों की तलाश में जुट गई है।