बिनावर। हाईवे पर स्थित गांव मलगांव में एक ही रात में दो घरों को चोरों ने खंगाल लिया। इन घरों से चोर जेबर, बर्तन व नकदी समेत करीब दो लाख की सामान चुरा ले गए। इस घटना से भयभीत ग्रामीण रात जागकर गुजार रहे हैं।
बरेली-मथुरा हाईवे स्थित गांव मलगांव निवासी बृजनंदन ने थाने में दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार की रात किसी समय चोर दीवार के सहारे छत पर चढ़ गए और घर के अंदर दाखिल हो गए। कमरे में रखे 60 किलो फूल व पीतल के बर्तन, थाल, थाली, बाल्टा, कपड़े, एक सोने का ओम, मंगलसूत्र, चांदी की चार जोड़ी पाजेब और घर में रखे 15 हजार की नकदी चोरी कर ले गए। गांव के हरिओम ने बताया कि उनके घर से चोरों ने सोने का मंगलसूत्र करीब छह हजार रुपये कीमत के फूल व पीतल के बर्तन, बक्से में रखें 25 हजार नकद चोरी कर लिए। दोनों गृह स्वामियों ने बताया गर्मी का मौसम होने के कारण सभी लोग बरामदे में सो रहे थे। चोर किस समय घर में दाखिल हो गए, उन्हें पता ही नहीं चल सका। रात में किसी समय बदमाशों ने चोरी कर ली। इस घटना से लोगों में दहशत है। लोग रात को जागकर अपने-अपने घरों की रखवाली कर रहे हैं। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार कंंबोज ने बताया चोरी की घटनाओं की जानकारी मिली है। जांच की जा रही है। चोरों को तलाशा जाएगा और कार्रवाई की जाएगी।