बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात चोर करीब साढ़े तीन सौ मीटर लंबी हाईटेंशन लाइन के तीनों तार काट ले गए। लाइन में फाल्ट होने पर पांच गांवों की सप्लाई बाधित हो गई जो चालीस घंटे बाद दुरुस्त हो सकी। सुबह पेट्रोलिंग के दौरान लाइन चोरी का पता। इस पर अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी गई है।
मामला शुक्रवार रात का है। विद्युत उपकेंद्र कुरऊ के अवर अभियंता हरीश कुमार के मुताबिक शुक्रवार रात अचानक करीब 11 बजे जिरौलिया फीडर की हाईटेंशन लाइन में फाल्ट हुआ था। इससे सप्लाई तुरंत बंद कर दी गई। रात में उसे चालू करने की कोशिश की गई लेकिन सप्लाई चालू नहीं हुई। शनिवार सुबह पेट्रोलिंग के लिए लाइनमैन भेजे गए। इस दौरान पता चला कि भरकुइया ईंट भट्ठे के नजदीक चोरों ने जिरौलिया फीडर की करीब साढ़े तीन सौ मीटर हाईटेंशन लाइन के तीनों तार काट लिए हैं। लाइनमैनों ने तुरंत इसके बारे में उच्चाधिकारियों को सूचना दी। इससे विद्युत विभाग के अधिकारी व अवर अभियंता मौके पर पहुंच गए। उसी समय से लाइन चालू कराने की कार्रवाई शुरू कर दी गई लेकिन लाइन कटने से जिरौलिया, रोशननगर और दूदेनगर, बरायमखेड़ा व वसंत नगर आदि गांव की सप्लाई ठप हो गई। रविवार शाम नई लाइन लगाकर सप्लाई दुरुस्त की जा सकी। अवर अभियंता हरीश कुमार ने सिविल लाइंस थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। इसके अलावा उझानी कोतवाली में भी एक मामला दर्ज कराया गया है। दोनों थानों की पुलिस मामले की जांच कर रहीं हैं।