बदायूं। सिविल लाइंस थाने से फरार हुआ चोर तीसरे दिन शेखूपुर इलाके से पकड़ा गया। वह स्मैक का नशा करता था, तलब लगने से परेशान हुआ तो थाने से फरार हो गया। पुलिस ने कार्रवाई के बाद उसे जेल भेज दिया है।
रविवार दोपहर सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि कादरचौक थाना क्षेत्र के ग्राम सदाठेर निवासी करन पुत्र परीक्षित गुुरुवार दोपहर सिविल लाइंस थाने से फरार हो गया था। करन बुधवार रात लखनपुर गांव में चोरी करते पकड़ा गया था। उसके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज थी। उसे जेल भेजा जाता, उससे पहले पहरा पर लगे होमगार्ड को चकमा देकर थाने से निकल गया। रविवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि करन शेखूपुर क्षेत्र में है। तभी इंस्पेक्टर ओपी गौतम और एसएसआई अरविंद सिंह, सिपाही विजय पाल और पृथ्वी सिंह के साथ पहुंच गए। फिर आरोपी को दबोच लिया। जब उससे पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वह स्मैक का नशा करता है। उसे तलब लगी तो वह थाने से खिसक गया। फिलहाल पुलिस ने कार्रवाई के बाद उसे जेल भेज दिया है।