जिला अस्पताल में गार्ड की गिरफ्त में मोबाइल चोर। संवाद
बदायूं। जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। बुधवार को पेइंग वार्ड में भर्ती मरीज का मोबाइल चोरी करने पहुंचे युवक को महिला ने रंगेहाथ पकड़ लिया। इसके बाद अस्पताल में तैनात पूर्व सैनिक सुरक्षा गार्डों ने आरोपी को पकड़कर कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
बिल्सी थाना क्षेत्र के हरनाथ नगला निवासी अवनीश आठ दिनों से टीबी रोग के इलाज के लिए जिला अस्पताल के पेइंग वार्ड में भर्ती हैं। बुधवार को उनकी पत्नी हेमलता वार्ड में मौजूद थीं। इसी दौरान एक युवक मरीज का मोबाइल लेकर भागने लगा। हेमलता की नजर उस पर पड़ गई, उन्होंने तुरंत शोर मचाते हुए उसे पकड़ लिया।
शोर सुनकर अस्पताल में तैनात पूर्व सैनिक सुरक्षा गार्ड मौके पर पहुंच गए। अस्पताल में भर्ती मरीजों और तीमारदारों का कहना है कि जिला अस्पताल में मोबाइल और अन्य सामान चोरी की घटनाएं आए दिन हो रही हैं। कई बार शिकायतें भी की गईं, बावजूद इसके चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। संवाद
अपराह्न दो बजे के करीब वार्ड में एक अंजान व्यक्ति मोबाइल उठाकर जाने लगा। भर्ती अवनीश की पत्नी ने उसे पकड़ लिया। डायल 100 को कॉल किया। उनके आने पर मोबाइल चोर को उनको दे दिया गया। -सतीश चंद्र नागर, सीएमएस, जिला अस्पताल