उझानी (बदायूं)। चोरों ने बुधवार रात प्रापर्टी डीलर के घर को खंगालकर जेवरात समेत 20 लाख की संपत्ति चुरा ली। चोर मेने गेट का ताला तोड़कर कमरों के दरवाजों और अंदर मौजूद अलमारियों के लॉक भी तोड़ डाले। इसके बाद कमरों समेत अलमारियों में जहां भी जेवरात और नकदी मिली, उसे निकाल ले गए। चोर डीलर की रायफल भी ले गए।
चोरी की घटना मिल कंपाउंड निवासी प्रापर्टी डीलर रवेंद्र प्रजापति के घर में हुई। मृलत: कोतवाली क्षेत्र के गांव सिरसौली निवासी रवेंद्र का मकान यूं तो एक दशक पहले ही बन चुका है, लेकिन वह ढाई-तीन महीना से इसी मकान में रहने लगे थे। प्रापर्टी डीलर और उसके परिजन दो दिन पहले एक रिश्तेदारी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर में ताला डालकर चले गए थे। बृहस्पतिवार तड़के पड़ोसियों के जरिये जब रवेंद्र को मेनगेट का ताला टूटा पड़ा होने की भनक लगी तो वह परिवार के साथ घर लौट आए। प्रापर्टी डीलर रवेंद्र के मुताबिक चोरों ने मेन गेट के अलावा बरामदे से पहले चैनल गेट फिर तीन कमरों को ताला तोड़कर चोरी की है। चोरी में सोने और चांदी के जेवरात और नकदी के अलावा रायफल गई है।
प्रापर्टी डीलर का भाई रामकिशोर एक चैनल के डायरेक्टर तो भतीजा संजीव कुमार जिला पंचायत का सदस्य रह चुका है। सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर तहकीकात शुरू कर दी। प्रापर्टी डीलर ने बताया कि चोरी गए सामान में बेटी की शादी को बनवाए गए जेवरात भी शामिल हैं। करीब 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। बाद में एसपी सिटी प्रवीण कुमार चौहान, सीओ संजय कुमार रेड्डी पुलिस के फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अफसरों ने गृहस्वामी और उनके परिजनों से घटना के बारे में जानकारी भी की। फोरेंसिक टीम ने अलमारियों, दरवाजों के कुंडों और जेवरात के खाली डिब्बों से उंगलयों के निशान भी लिए हैं। प्रापर्टी डीलर की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है, लेकिन तहरीर में चोरी के सामान का उल्लेख नहीं किया गया है। तहरीर में कहा गया है कि वह जेवरात, नकदी आदि की सूची बाद में सौंप देंगे।
चोरी की घटना से पहले घर की पहले से रेकी होने का शक
उझानी (बदायूं)। नकदी, रायफल और लाखों रुपये के जेवरात की चोरी के बाद प्रापर्टी डीलर रवेंद्र प्रजापति के घर की हालत देख पुलिस समेत किसी को ऐसा महसूस नहीं हुआ कि घटना को जल्दबाजी में अंजाम दिया गया होगा। चोरों ने बड़े ही इत्मिनान से माल को समेटा और निकल भी गए। ऐसा तभी होता है जब घटना से पहले टारगेट की रेकी की जाए।
तालाबंद मकानों में चोरी की घटनाओं में एक बात तो अमूमन सुनने में आती रही है कि चोरों में से ही कोई एक पहले से रेकी कर आसपास इलाके के बारे में जानकारी जुटा लेता है। प्रापर्टी डीलर तो दो दिन पहले घर में ताला डालकर परिवार के साथ निकल गए थे। प्रापर्टी डीलर के घर के पास ही जो खाली प्लाट पड़ा है, वह भी उन्हीं के भतीजे पूर्व जिला पंचायत सदस्य संजीव कुमार का है। प्रापर्टी डीलर को वैसे बुधवार शाम को ही घर लौट आना था लेकिन वह परिवार के सभी लोगों के साथ गांव सिरसौली स्थित पैतृक घर पर ही रुक गए थे। इसी के चलते चोरों को पूरा मौका मिल गया।
ताले तोड़ने के बाद चोरों ने कमरों में सभी लाइटें भी ऑन कर दी थीं। अलमारियों के बाहर जमीन और बेड पर बिखरे पड़े मिले कपड़े देख तो पुलिस को भी यही लगा कि चोरों ने घटना को पूरे इत्मिनान के साथ अंजाम दिया है। काफी हद तक संभव है कि पास में महाराजा अग्रसेन श्रवण कुमार अग्रवाल धर्मशाला में कार्यक्रम के दौरान लोगों की चहलकदमी का भी चोरों ने फायदा उठा लिया हो।
एक और खाली मकान के ताले तोड़े, दो कारों के एसी गायब
उझानी। चोरों ने बुधवार रात ही कृष्णा कॉॅलोनी निवासी विपिन यादव के खाली पड़े मकान का ताला तोड़ लिया। इस मकान में विपिन समेत उनके परिजन नहीं रहते, सो चोरों को घर के अंदर कोई सामान नहीं मिला, लेकिन पास में ही एक व्यक्ति के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में दो युवक कैद जरूर हो गए। पुलिस ने कैमरे की फुटेज के आधार पर तहकीकात भी शुरू कर दी। इसके अलावा बुधवार रात में ही मदीना कॉॅलोनी में खुशबू अली की दो कारों के एसी चोरी हो गईं। दोनों कारें उसके घर के बाहर खड़ी थीं। प्रभारी निरीक्षक विशाल प्रताप सिंह की मानें तो कारों के एसी चोरी नहीं हुई हैं, बल्कि मामला आपसी झगड़े का है।
उझानी में लुटेरों के बाद चोरों की दस्तक
उझानी। दिसंबर महीना से जनवरी अंत तक दो महीना में लूट की तीन घटनाएं हुई हैं। एक घटना में लुटेरों का विरोध करने पर रिसौली निवासी अमित कुमार को गोली भी मार दी गई थी। तीनों ही घटनाओं में बदमाशों तक पहुंचने में नाकाम पुलिस ने तमाम संदिग्धों से पूछताछ भी कर लीॅ, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके विपरीत पिछले कुछेक दिनों से चोरों ने भी धमाल मचा दिया है। प्रापर्टी डीलर के घर में चोरी की इस बड़ी घटना से पहले चोरों ने मंडी समिति परिसर में भाजपा नेता रोहताश गुप्ता के गोदाम से मक्का के करीब दो सों कट्टे चोरी कर लिए थे। बाइक और कार चोरी की घटनाएं भी हो
चोरी की इस घटना से जुड़े हर पहलू पर गहनता से गौर किया जा रहा है। चोरी गए सामान की सूची गृहस्वामी ने नहीं बताई है लेकिन पुलिस जल्द ही चोरों तक पहुंचकर माल बरामद कर लेगी। इसके लिए पुलिस की तीन टीमें बनाई गई हैं। - संजय कुमार रेड्डी, सीओ