बिनावर। एक विवाहिता ने अपने ससुरालियों पर दहेज में कार की मांग पूरी न होने पर मारपीट का आरोप लगाया है। आरोप है कि ससुरालियों ने उसके डेढ़ साल के बेटे को रोक उसे घर से निकाल दिया है। विवाहिता ने अपने मायके के थाना बिनावर पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी।
गांव सिकरोडी निवासी अनेक पाल सिंह की बेटी कोमल की शादी चार साल पहले हापुड़ जिला के थाना पिलकुआ क्षेत्र के गांव खेड़ा निवासी शिवम पुत्र अवधेश सिंह से हुई थी। पिता अनेक पाल सिंह के अनुसार, उन्होंने शादी में करीब 20 लाख रुपये खर्च किए थे। ससुराल पक्ष के लोग दिए गए दान-दहेज से खुश नहीं थे। वह कार की मांग कर रहे थे। कोमल ने इस संबंध में अपने ससुराल वालों के खिलाफ तहरीर देकर बताया कि उसका डेढ़ वर्ष का पुत्र है। बीती 31 मई को ससुराल पक्ष के लोगों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया है और उसके डेढ़ वर्षीय पुत्र को भी अपने पास रोक लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद