बदायूं। दिवाली को लेकर बाजार में ग्राहकों की भारी भीड़ रही। खील खिलौना, गणेश-लक्ष्मी की मूर्ति, पूजन सामग्री, मिठाई, झालर, सजावट का सामान खूब बिका। मिठाई की दुकान पर देर शाम तक ग्राहकों की लाइन लगी रही।
बुधवार सुबह से ही बाजार में भीड़ नजर आने लगी। शहर के साथ-साथ कस्बों व गांव के बाजार में भी भीड़ नजर आई। दोपहर तक बाजार में रौनक हो गई। मिट्टी के दीये, झालरें, मोमबत्ती, फूल माला, किराना, मिठाई आदि दुकानों पर जबरदस्त भीड़ रही। दीये 80 रुपये के सौ मिल रहे हैं। मोमबत्ती 40 से लेकर 120 रुपये तक के पैकेट में मौजूद है।
इलेक्ट्रानिक्स बाजार में खासी भीड़ दिखी। 50 रुपये से लेकर पांच सौ रुपये तक की झालरों की बिक्री हुई। वहीं ब्रांडेड और स्टाइलिश मोमबत्तियों की भी धूम रही। 10 रुपये से लेकर 50 रुपये तक के मोमबत्ती के पैकेट सबसे अधिक बिके। वहीं, बुधवार की शाम के वक्त घरों में छोटी दिवाली की पूजा अर्चना की गई।
दोगुने दामों में बिका गेंदा फूल
दीपावली पर्व को लेकर फूलों की बिक्री कई गुना बढ़ जाती है। गेंदा फूल एक दिन में ही दोगुने में पहुंच गया। फूल विक्रेता विनय ने बताया कि गेंदा व गुलाब के फूलों की मांग कई गुना बढ़ गई है। मंगलवार को गेंदे का फूल 70 रुपये किलो बिक रहा था तो बुधवार को इसके दाम 100-110 रुपये किलो पहुंच गए। बृहस्पतिवार को इसकी कीमत करीब 120 से 150 रुपये प्रति किलो तक पहुंचने की उम्मीद है। लक्ष्मी पूजन के लिए कमल का फूल भी लोगों ने खरीदना शुरू कर दिया है। मंगलवार को कमल का फूल 50 रुपये तक मिल रहा था, जो बुधवार को 100 से 110 रुपये तक पहुंच गया।
थोक और फुटकर बाजार में खूब बिकी आतिशबाजी
शहर में दातागंज तिराहे के पास मैदान में पटाखा बाजार लगाया गया है। बुधवार को पूरे दिन ही यहां भीड़ उमड़ी। बच्चों के लिए पेंसिल आतिशबाजी, चरखी, चटपट और फुलझड़ी की डिमांड रही। वहीं, किशोर और युवाओं ने रॉकेट, सुतली बम, मल्टीकलर शॉट की जमकर खरीदारी की। बाजार में नौ शॉट से 200 शॉट तक आतिशबाजी वाले पटाखों की खूब बिक्री हुई। इनकी कीमत भी दो सौ रुपये से लेकर एक हजार रुपये तक है।
बाजार में मिट्टी के दीपक खरीदते लोग। संवाद
बाजार में मिट्टी के दीपक खरीदते लोग। संवाद