फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रात शराब पीकर मचाया उत्पात, सुबह युवक की गला दबाकर हत्या

विज्ञापन
विज्ञापन
उझानी (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के गठौना गांव में 30 वर्षीय प्लंबर लेखराज की रविवार सुबह गला दबाकर हत्या कर दी गई। वह हरियाणा के फरीदाबाद से एक दिन पहले ही लौटा था और शराब पीकर पत्नी की पिटाई कर घर में उत्पात मचाया था। सुबह पत्नी उसकी शिकायत करने कोतवाली आ रही थी तभी ये घटना घटी। हत्या में किसी करीबी का हाथ मानकर पुलिस तफ्तीश कर रही है।
विज्ञापन

गांव गठौना निवासी लेखराज (30) पुत्र नन्हेलाल का परिवार गांव में रहता है। वह कई महीनों से हरियाणा के फरीदाबाद में प्लंबरिंग का काम करता था। शनिवार अपराह्न वह घर लौटा तो किसी बात पर पत्नी कुसुम से कहासुनी हो गई। बकौल कुसुम- पति ने शाम को शराब के नशे में बेवजह हंगामा किया। आधी रात के बाद फिर उसने कुसुम की पिटाई की। इससे कुसुम ने 112 पर कॉल कर दी। रात दो बजे पीआरवी के पुलिसकर्मियों ने मौके पर जाकर लेखराज को पहले समझाया, नहीं मानने पर हड़काया भी। पुलिसकर्मी कुसुम से कह गए कि रविवार सुबह कोतवाली जाकर पति की लिखित में शिकायत करें।
पत्नी कुसुम के मुताबिक सुबह सात बजे वह पति की शिकायत करने कोतवाली जाने को निकल गई। कोतवाली पहुंचने से पहले ही उसे देवर राजू ने आकर बताया कि लेखराज की तबीयत खराब है। वह घर लौटी तो पति का शव आंगन में रखा मिला। राजू ने कहा कि लेखराज ने कुसुम के घर से निकलते ही कमरे में फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली। शव उसने और उसकी पत्नी ने फंदे से उतारा था। सूचना पर कोतवाली पुलिस पहुंच गई। दोपहर बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। देर शाम पोस्टमार्टम रिपोर्ट कोतवाली पहुंची तो पुलिस चौंक गई। इसमें गला दबाकर हत्या होने की पुष्टि हुई। शुरू में इसे आत्महत्या मान रही पुलिस अब हत्या के खुलासे में जुट गई है।
विज्ञापन

पहले बर्तन फोड़े, फिर तोड़ दी किवाड़
कुसुम ने बताया कि शनिवार को लेखराज ने शराब पी तो उसे बच्चों का ख्याल रखने की बात कहते हुए उसे शांत करने की कोशिश की थी। बावजूद वह नहीं माना। कुसुम से हाथापाई के बाद उसने दो-तीन बर्तन भी पटककर फोड़ दिए। किवाड़ तोड़ दी। बच्चों में सात साल की शीतल और तीन वर्षीय मानवी सहम गई। दो साल के मासूम बेटे जतिन को गोद में चिपटाए कुसुम दरवाजे पर आकर बैठ गई।
बराबर कमरे में रहता है भाई राजू
लेखराज के बराबर वाले कमरे में राजू और उसकी पत्नी रहती है। शनिवार से चल रहे विवाद के बारे में राजू को सब पता था। कुसुम का मायका दातागंज क्षेत्र के गांव नौनी में है। लेखराज की मौत के बाद कुसुम का भाई भी आ गया। मृतक के पिता नन्हेलाल बाहर काम करते हैं। बेटे की मौत की सूचना के बाद वह भी बदायूं पहुंचे।
गठौना के लेखराज की गला दबाकर हत्या की गई है। सुबह से लेकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तक उसके आत्महत्या करने की बात कही जा रही थी। इसमें किसी नजदीकी का हाथ हो सकता है। इसकी जांच शुरू करा दी गई है। जल्द ही सब स्पष्ट कर दिया जाएगा। - शक्ति सिंह, सीओ उझानी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें