सुरक्षा को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक करते डीएम मनोज कुमार। संवाद
सड़क पर न हो नमाज, संरक्षित पशुओं की न हो कुर्बानी : डीएम
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। डीएम मनोज कुमार ने कहा कि बकरीद पर कोई नई परंपरा न पड़े। सड़क पर नमाज न हो। अफवाह फैलाने वालों को चिह्नित कर जेल भेजा जाए। उन्होंने व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर सूचनाओं का आदान-प्रदान करने के लिए भी कहा।
बकरीद पर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत जनपद में लगाए गए मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ बुधवार को हुई बैठक में डीएम ने कहा कि कुर्बानी के बाद अवशेषों का सही प्रकार से निस्तारण समय से कराया जाए। समस्त मजिस्ट्रेट व अधिकारी अपने ड्यूटी स्थलों का स्वयं मुआयना करें। कहा कि किसी प्रकार की सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों को चिह्नित कर जेल भेजा जाएगा।
डीएम ने निर्बाध जल व विद्युत आपूर्ति के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। सफाई व्यवस्था के लिए नगर निकायों एवं पंचायती राज विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कहा कि वे जिला अस्पताल, सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आपातकालीन सेवा को सुचारू रूप से जारी रखें।
डीएम ने कहा कि कांवड़ यात्रा भी चार जुलाई से 31 अगस्त तक रहेगी। ऐसे में विद्युत पोलों पर पॉलिथीन लगाया जाए तथा जिस स्थान पर सड़क खराब है वह तत्काल पैचवर्क कराया जाए।
एडीएम प्रशासन वीके सिंह ने बताया कि बकरीद को सकुशल संपन्न कराने के दृष्टिगत नगर मजिस्ट्रेट नगर क्षेत्र में एवं समस्त उप जिला मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्र में जोनल मजिस्टेट के रूप में रहेंगे। जनपद में 23 मजिस्ट्रेट, 11 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा पांच अतिरिक्त मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं।