कादरचौक। गांव वोंदरी में चार करोड़ 57 लाख की लागत से बने राजकीय इंटर कॉलेज में पहुंचने के लिए सड़क नहीं है। मंगलवार को हुई बारिश के बाद कच्चा रास्ता पूरी तरह से बंद हो गया। बुधवार सुबह स्कूल जा रहे छात्र-छात्राओं को परेशानी हुई। इस दौरान कई बच्चे प्रदर्शन कर रास्ता बनवाने की मांग करते दिखे।
ब्लॉक कादरचौक के गांव वोंदरी में राजकीय इंटर कॉलेज का निर्माण 2020 में पूरा हो गया था। पढ़ाई के लिहाज से इसको गांव से एक किलोमीटर दूर बनाया गया था ताकि शोर-शराबा से दूर रहे और विद्यार्थियों को वहां पर पढ़ाई का पूरा माहौल मिल सके। 2021-22 में पढ़ाई का सत्र शुरू कर दिया। शुरुआत में 120 छात्र-छात्राओं ने एडमिशन लिया था, जो संख्या बढ़कर अब 300 पहुंच गई है, लेकिन तीन साल बाद भी गांव से स्कूल तक मार्ग कच्चा है। मार्ग को बनवाने के लिए प्रधानाचार्य ने तीन-चार बार विभागीय अधिकारियों को मौखिक और लिखित में शिकायत कर चुके हैं। इसके बावजूद किसी ने ध्यान नहीं दिया।
-सड़क कच्ची होने की वजह से बारिश में कई जगह से कट गई है। सड़क पर बड़ी-बड़ी घास उग आई है। सांप का हर समय डर बना हुआ है। पक्की सड़क होगी, तो यह दिक्कतें नहीं होगी। -विवेक
-कॉलेज बनने से काफी राहत मिली है, अगर सड़क बन जाती तो आने जाने में कोई दिक्कत नहीं होती। कच्ची सड़क होने की वजह से कई बार विषैले कीड़े अचानक सामने आ जाते हैं। सड़क न होने से असुरक्षा की भावना मन में रहती है। -पारुल
-सड़क को बनवाने के लिए कई बार विभागीय अधिकारियों को लिखित में दिया। साथ ही मौखिक भी इस परेशानी के बारे में बताया है, लेकिन दिक्क्त दूर नहीं हुई है। छात्र- छात्राओं के साथ अध्यापकों को भी परेशानी होती है। -मिथिलेश, प्रधानाचार्य राजकीय इंटर कॉलेज वोंदरी
सड़क को लेकर प्रदर्शन करते राजकीय इंटर कॉलेज बोंदरी के बच्चे। संवाद
सड़क को लेकर प्रदर्शन करते राजकीय इंटर कॉलेज बोंदरी के बच्चे। संवाद