उझानी। कपड़ा कारोबारी आशा सपरा से सोने की चूड़ियां ठगने के मामले में बाइक सवार युवकों ने पड़ोस की एक और किराना की दुकान में हाथ आजमाने की कोशिश की। पड़ोसी दुकानदार महिला ने जब बुलाने के लिए अपने नौकर को कॉल की तो दोनों युवक खिसक गए। इसके बाद ही आशा को ठगी का शिकार बनाया गया।
बाइक सवार दो युवकों के झांसे में आने से बचीं पंजाबी कॉलोनी निवासी इंंदु आहूजा के पति हरिओम आहूजा की किराना की दुकान स्टेशन रोड पर कपड़ा कारोबारी आशा सपरा की दुकान के पास है।हरिओम के बाहर जाने की वजह से वह रविवार अपराह्न दुकान पर अकेली थीं। उन्होंने पति को बताया कि दोनों युवक उनकी दुकान पर आए और पांच हजार रुपये का सामान खरीदने की बात कही। इंदु ने जब अपने नौकर को बुलाने के लिए कॉल की, इसी दौरान दोनों युवक फिर आने की कहकर खिसक गए।
इंदु ने आशा सपरा के साथ हुई ठगी की घटना की फुटेज देखी तो उन्होंने भी इन्हीं दोनों युवकों के दुकान पर आने का दावा किया है। वह अगर नौकर को बुलाने के लिए कॉल नहीं करतीं तो वह भी ठगी का शिकार बन सकती थीं। माना जा रहा है कि दोनों युवक इसके बाद ही गमछे खरीदने के बहाने आशा की दुकान पर पहुंचे। बता दें कि दोनों युवकों ने आशा से सोने की दो चूड़ियां ठग ली थीं। उन्हें ठगी हो जाने का अहसास दोनों युवकों की मौजूदगी के दौरान नहीं हो पाया था। संवाद
-
पुलिस ने खंगाले कई दुकानों के सीसी कैमरे
- पुलिस ने रविवार अपराह्न दोनों युवकों तक पहुंचने के लिए सीसी कैमरे खंगालने शुरू कर दिए हैं। घटना के चंद मिनट बाद जो फुटेज सामने आई थी, उसमें दिख रहे दोनों युवकों की तलाश कराने को फोटो भी आसपास के थानों को भेजे गए हैं। पांच-छह पुलिस कर्मी बाजार में भी पहुंचे, लोगों को सीसी कैमरे की फुटेज दिखाकर पहचान कराने की कोशिश की। जांच के साथ खोजबीन में जुटी पुलिस को अभी तक दोनों युवकों के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है।
महिला से ठगी की शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस जांच कर रही है। जांच में घटना से जुड़े जो भी तथ्य सामने आएंगे, इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।- सुनील कुमार सिंह, सीओ